शुभम जायसवाल, राजगढ़। ब्यावरा-इंदौर बायपास पर एक भीषण सड़क हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा ब्यावरा के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल बायपास के पास बने घुमावदार ट्राएंगल ब्रिज पर हुआ, जहां ब्यावरा से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस 90 डिग्री के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क पर तिरछी घिसटती चली गई।

नींद में सो रहे यात्री ब्रिज से नीचे गिरे

घटना के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कई यात्री बस का कांच टूटने से ओवरब्रिज से सीधे नीचे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा

सूचना मिलते ही एसपी, एसडीएम और देहात थाना पुलिस समेत भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तुरंत घटनास्थल और ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचा। सभी 11 घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से ब्यावरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्राथमिक जांच में भोपाल बायपास के 90 डिग्री वाले अत्यधिक घुमावदार ओवरब्रिज (ट्राएंगल ब्रिज) को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m