कुमार उत्तम/ मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद मोहल्ले में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे बड़ी चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने नीरज प्रसाद के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसे बाहर से बंद कर दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे।

शादी में गए थे दंपती, घर में थे बेटा और भाभी

गृहस्वामी नीरज प्रसाद ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वे मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पत्नी के साथ ससुराल में आयोजित शादी समारोह में गए थे। घर पर उनका बेटा सोनू कुमार और भाभी मौजूद थे। रात करीब 3 बजे बेटे का फोन आया कि घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही वे तुरंत लौट आए। डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन निरीक्षण के बाद लौट गई।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

शिकायत के अनुसार, चोर सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े और छत के गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी तोड़कर सोने की एक चैन, दो अंगूठियां, पांच नथ, चार पेंडल, करीब दो किलो चांदी के गहने (जिनमें उनकी मां के पुराने गहने भी शामिल थे) और 50 हजार रुपये नकद ले गए। बुधवार सुबह 11:30 बजे तक पुलिस के नहीं पहुंचने की बात भी उन्होंने कही है। फिलहाल सामान बिखरी अवस्था में पड़ा है।