पटना। राजधानी के सरकारी अस्पतालों में दलालों की सक्रियता पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने बुधवार को पीएमसीएच और एनएमसीएच का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएमसीएच में एक व्यक्ति को मरीजों और उनके परिजनों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि पैसे लेते पाई गई एक महिला सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया।
यह कार्रवाई डीएम एम. एस. त्यागराजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जांच टीम में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी शामिल थे।
ओपीडी से इमरजेंसी तक सघन जांच
पीएमसीएच में अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) के नेतृत्व में दो सिटी मजिस्ट्रेट, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) और पुलिस टीम ने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी, इमरजेंसी वार्ड, ब्लड बैंक और स्टोर का निरीक्षण किया। इसी दौरान शमीम अख्तर नामक व्यक्ति को मरीज के परिजन से पैसे लेते पकड़ा गया। वह खुद को छपरा के इमामगंज का निवासी बता रहा था। उसे तत्काल स्थानीय थाने के हवाले कर दिया गया और अस्पताल प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कराई।
डीएम ने अस्पताल परिसर में बाहरी एम्बुलेंस के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल परिसर को पूरी तरह दलालमुक्त बनाया जाएगा।
एनएमसीएच में नहीं मिली गड़बड़ी
एनएमसीएच में अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सिटी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न वार्डों और काउंटरों की जांच की, लेकिन वहां कोई अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि निजी नर्सिंग होम और जांच केंद्रों से जुड़े बिचौलियों की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे लोगों और उनसे जुड़े दोषी कर्मियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने दोहराया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनियमितता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


