कुंदन कुमार, पटना। बिहार के दरभंगा जिले में बीते 4 फरवरी को मजदूरी को लेकर हुए एक विवाद में थाने में आवेदन देकर पूरे गांव के ब्राह्मणों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया था। अब इस मामले पर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी का बयान सामने आया है।

एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग सही नहीं- अशोक चौधरी

मीडिया से बातचीत में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, दरभंगा के एक गांव में जिस तरह से एक जाति के पूरे लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस कर दिया गया है। वह गलत है, जिनके साथ घटना घटी है। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं, लेकिन इस तरह एससी एसटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।

अशोक चौधरी ने कहा कि, हम भी एससी-एसटी समाज से आते हैं। हमारे पिताजी ने हमें शिक्षा दिया है और हम जानते हैं कि इस एक्ट का दुरुपयोग इस तरह से नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ-साफ कहा कि, जो घटना हुई है और जो हम तक जानकारी आई है, उसको देखकर यह कहा जा सकता है कि कुछ लोग जो इस घटना को अंजाम दिए थे। उनके साथ- साथ अन्य लोगों को कहीं ना कहीं गलत तरीके से फंसाने का काम किया जा रहा है, जो की सही नहीं है।

जानें क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव से जुड़ा हुआ है, जहां असर्फी पासवान नाम के एक मजदूर ने पुलिस में आवेदन देकर पूरे गांव के ब्राह्मणों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत में असर्फी पासवान ने यह आरोप लगाया कि 2015 में उनके बेटे विक्रम पासवान ने हेमकांत झा के घर निर्माण में काम किया था, लेकिन ढाई लाख रुपए की मजदूरी नहीं मिली। बार-बार पैसे मांगने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। इसे लेकर 30 जनवरी 2026 को हुई पंचायत में विवाद काफी बढ़ गया।

इसके बाद 31 जनवरी को सुबह करीब 7 बजे विक्रम पासवान सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी 70 पहचाने और 100–150 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फरसा लेकर उन पर हमला करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर विक्रम, उनके भाई राजगीर, अविनाश, अजय और जिगर पासवान को गंभीर रूप से पीटा।

आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने पासवान परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की और पोती की कमर की हड्डी तोड़ दी। घर में रखी सोने-चांदी की ज्वेलरी, नगद दो लाख रुपए, मोबाइल, LCD टीवी और फ्रिज लूट लिए। घर के बाहर खड़ी चार बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिसे लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार में महिलाओं के साथ सीरियल बलात्कार’, पटना नीट छात्रा मौत मामले पर राजद विधायक आलोक मेहता का बड़ा बयान