अरविन्द मिश्रा, बलौदाबाजार। जिले के कसडोल विकासखंड में स्कूलों के विदाई समारोह के दौरान छात्रों द्वारा की जा रही स्टंटबाजी चिंता का विषय बनती जा रही है। ताजा मामला कसडोल विकासखंड के ग्राम छेछर स्थित हाईस्कूल का बताया जा रहा है, जहां विदाई समारोह के दौरान छात्रों ने स्कूल परिसर में ट्रैक्टर और कार घुसाकर खतरनाक स्टंट किए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय स्कूल परिसर में शिक्षक मौजूद थे, इसके बावजूद छात्रों की इस लापरवाही भरी हरकत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है और कहीं न कहीं इस तरह के खतरनाक कृत्यों को मौन समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विदाई समारोह के नाम पर स्कूल परिसरों में अनुशासनहीनता बढ़ती जा रही है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कसडोल क्षेत्र के कटगी में विदाई समारोह के दौरान छात्रों द्वारा स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर कसडोल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रों पर 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

इसके बावजूद फिर से इस तरह की घटना सामने आना स्कूल प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि स्कूल प्रशासन और पुलिस प्रशासन मिलकर विदाई समारोह के दौरान इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्या सख्त नियम और दिशा-निर्देश लागू करते हैं।