Team India Historic Win : टी20 विश्व कप 2026 में अगर कोई टीम जीत की प्रबल दावेदार है तो वो डिफेंडिंग चैंपियन भारत ही है. वो एक चैंपियन टीम की तरह ही मैदान पर उतरी है. सबसे पहले उसने अमेरिका को 29 रनों से मात दी, फिर दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रनों के बड़े अंतर से रौंद दिया. टीम इंडिया अब तीसरा मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरेगी. इस मैच से पहले उसने नामीबिया को मात देकर एक-दो नहीं बल्कि तीन दमदार रिकॉर्ड बना दिए हैं.

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले तो भारतीय टीम ने बल्ले से तबाही मचाई और बोर्ड पर 209 रन टांग दिए, फिर गेंद से कमाल किया और नामीबिया को 18.2 ओवरों में 116 रनों पर समेट दिया. 93 रनों से मिली यह जीत भारत के लिए कैसे खास रही? आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हुए हैं.

सबसे पहले बात करते हैं मैच की, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस हारे थे. नामीबिया ने इस सोच के साथ पहले बॉलिंग चुनी कि दूसरी पारी में आसानी से चेज हो सकता है और उसे ओस की मदद भी मिलेगी, लेकिन टीम इंडिया की आंधी में वह उड़ गई. भारत ने पहले तो छक्कों की बारिश करते हुए बोर्ड पर 209 रन लगा दिए.

टीम इंडिया ने ठोके 14 छक्के

7 ओवरों में स्कोर 100 रन पार कर गया था, हालांकि फिर टीम आखिर में ज्यादा रन नहीं बना सकी और 209 तक ही पहुंच पाई, लेकिन यह स्कोर भी नामीबिया के खिलाफ काफी बड़ा था. भारत ने अपनी पारी में 15 चौके और 14 छक्के ठोके. ईशान किशन ने 25 बॉल पर 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 61 रनों की तूफानी पारी खेली.

20 ओवर भी नहीं खेल पाई नामीबिया

210 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी नामीबिया ने पहले 6 ओवरों में दम दिखाते हुए करीब 50 रन बना लिए, लेकिन इसके बाद जैसे ही स्पिनर आए तो नामीबिया की बल्लेबाजी धराशायी हो गई. टीम मुश्किल से 116 रनों तक पहुंच सकी. वह पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.2 ओवरों में ऑलआउट हो गई.

वरुण ने निकाले सबसे ज्यादा विकेट

भारतीय टीम के लिए हर एक बॉलर ने विकेट निकाला. सबसे ज्यादा शिकार वरुण चक्रवर्ती ने किया. उन्होंने 2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए. हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 शिकार किए.

नामीबिया के खिलाफ मिली 93 रनों की बड़ी जीत के दम पर भारत ने जो 3 रिकॉर्ड बनाए हैं, वे नीचे दिए गए हैं.

  1. पहला रिकॉर्ड यह है कि भारत ने इस मैच में टी20 वर्ल्ड कप में 93 रनों से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की है. इससे पहले उसने 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन से जीत हासिल की थी, लेकिन अब यह रिकॉर्ड टूट चुका है.
  2. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया. इस लिस्ट में नंबर एक पर टीम इंडिया का नाम है, जिसने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट खोकर 218 रन किए थे.
  3. तीसरा रिकॉर्ड यह है कि टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में 47वीं बार 200 प्लस का स्कोर किया. यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा बार बनाए गए 200 प्लस रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. 2024 के बाद टीम इंडिया ने 14वीं बार यह कमाल कर दिखाया है. दूसरी टीमें इस रेस में काफी पीछे हैं.