विजय कुमार/जमुई। जिले अंतर्गत गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगरा स्टेशन रोड में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला की निजी जमीन पर बन रही बाउंड्री वॉल को असामाजिक तत्वों ने ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार भयभीत है और उन्होंने स्थानीय पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
निर्माणाधीन दीवार को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, गंगरा स्टेशन रोड स्थित यह जमीन आशा देवी के नाम पर दर्ज है। पिछले दस दिनों से जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री वॉल) का काम चल रहा था। इसी बीच, विपक्षी जनार्दन सिंह, भरत राम और उनके सहयोगियों ने अचानक निर्माण कार्य को रोकते हुए बनी हुई दीवार को तोड़ दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों ने न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि काम बंद न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

जान से मारने की धमकी और पुराना विवाद
पीड़ित महिला आशा देवी ने बताया कि आरोपियों के साथ उनका विवाद पुराना है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनार्दन सिंह ने उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। महिला का कहना है कि वे अपनी ही जमीन पर कानूनी रूप से निर्माण करा रही थीं, लेकिन दबंगों की नजर उनकी जमीन पर है और वे लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
पुलिस से न्याय की उम्मीद
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गिद्धौर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


