National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (21 फरवरी 2026) की खबरों में अमेरिका ने की ईरान के टॉप कमांडरों पर टारगेटेड स्ट्राइक की तैयारी, अमेरिकी कोर्ट के आदेश के बाद भारत पर टैरिफ 18% से घटकर सिर्फ 10% रह गया, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने की UPI की तारीफ तो भड़की कांग्रेस, बिश्नोई गैंग के मेंबर हरिचंद्र उर्फ हेरी के खिलाफ LOC जारी किया, भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर लगी मुहर  प्रमुख रहा।

अमेरिका ने की ईरान के टॉप कमांडरों पर टारगेटेड स्ट्राइक की तैयारी

मिडिल ईस्ट में एक बार फिर युद्ध के हालात बनते दिख रहे हैं. अमेरिका जल्द ही ईरान पर हमला कर सकता है. इस संभावित हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. दो अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सेना की योजना अब एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी है. इस प्लान में अलग-अलग ईरानी नेताओं को निशाना बनाने का विकल्प शामिल है. साथ ही, अगर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आदेश देते हैं तो तेहरान में सरकार बदलने तक की योजना भी तैयार है. पिछले हफ्ते यह भी सामने आया था कि अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ कई हफ्तों तक चलने वाला ऑपरेशन तैयार कर रही है. इस ऑपरेशन में ईरान की सुरक्षा ठिकानों और न्यूक्लियर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले की योजना शामिल हो सकती है.

पढ़े पूरी खबर…..

अमेरिकी कोर्ट के आदेश के बाद भारत पर टैरिफ 18% से घटकर सिर्फ 10% रह गया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक नया वैश्विक टैरिफ आदेश जारी किया गया है। भारत पर अब सिर्फ 10 फीसदी अमेरिकी टैरिफ रहेगा। इस आदेश के बाद भारत को अस्थायी रूप से 10 प्रतिशत का शुल्क देना होगा। यह नया आदेश सुप्रीम कोर्ट द्वारा पहले रद्द किए गए इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) पर आधारित शुल्कों की जगह लेगा। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि यह 10 प्रतिशत शुल्क उन IEEPA शुल्कों की जगह लेगा जिन्हें अभी-अभी रद्द किया गया है। इस महीने की शुरुआत में, दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार पर एक अंतरिम समझौते के ढांचे पर पहुंचने के बाद ट्रंप ने भारत पर लगने वाले आपसी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया था।

पढ़े पूरी खबर…..

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने की UPI की तारीफ तो भड़की कांग्रेस

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की अंतरराष्ट्रीय सराहना के बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीआई की बुनियाद यूपीए सरकार के दौर में रखी गई थी, जबकि मौजूदा एनडीए सरकार इसका श्रेय ले रही है। पवन खेड़ा ने शनिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का एक वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, हम सभी को पढ़ाई के दौरान ग्रुप प्रोजेक्ट में एक ऐसा क्लासमेट याद होगा, जो कोई काम नहीं करता, लेकिन आकर सारा श्रेय खुद ले लेता है। नरेंद्र मोदी भी कुछ ऐसे ही हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

बिश्नोई गैंग के मेंबर हरिचंद्र उर्फ हेरी के खिलाफ LOC जारी किया गया

एक्टर रणवीर सिंह को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर पर शिकंजा कसा है. क्राइम ब्रांच ने हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. पुलिस का दावा है कि हेरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उसी कड़ी में LOC जारी किया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने एफआईआर होने के बाद एक्टर रणवीर सिंह के मैनेजर को मिले धमकी भरे वॉइस नॉट को वेरिफाई करने के लिए पंजाब और हरियाणा भेजा था. वॉइस नॉट भेजने वाले ने खुद को हेरी बॉक्सर बताया था और 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी. इस वॉइस नॉट में हेरी बॉक्सर की आवाज की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

पढ़े पूरी खबर…..

भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर लगी मुहर

भारत और ब्राजील के रिश्तों में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में ऐसे अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, जो दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकते हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए कहा, ‘मुझे प्रेसिडेंट लूला और उनके डेलीगेशन का भारत में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है. उनके विजन और प्रेरणादायक नेतृत्व से भारत-ब्राजील संबंधों को लंबे समय से लाभ मिला है.’

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

भारत के साथ ट्रेड डील जारी रहेगी, कोई बदलाव नहीं: टैरिफ पर अमेरिका की शीर्ष अदालत के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका लगा है। सभी को आशंका थी की अदालत के फैसले का सीधा असर भारत के साथ उसके ट्रेड डील पर पड़ेगा। लेकिन अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि भारत के साथ ट्रेड डील जारी है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ पर ट्रंप के फैसले को अवैध ठहरा दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यह बयान दिया है।  (पढ़े पूरी खबर)

AI समिट में हंगामे को लेकर BJP का हल्ला बोल: दिल्ली के भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार (20 फरवरी) को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए. इसके बाद से बवाल बढ़ता जा रहा है. बीजेपी आज शनिवार (21 फरवरी) को देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है.  (पढ़े पूरी खबर)

प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल दौरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी को दो दिन के इजरायल दौरे पर जा रहे हैं. इस दौरे से पहले भारत और इजरायल के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की तैयारी है. दोनों देश मिलकर नई रक्षा तकनीक पर काम बढ़ाना चाहते हैं. इस दौरे में सुरक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन होने की उम्मीद है. मीडिया की खबर के मुताबिक, इजरायल भारत को नई रक्षा तकनीक देने के लिए तैयार है. इसमें लेजर आधारित डिफेंस सिस्टम, लंबी दूरी की मिसाइलें और ड्रोन शामिल हैं. भारत और इजरायल मिलकर एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम पर काम कर सकते हैं.  (पढ़े पूरी खबर)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे चीन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच तीन दिवसीय चीन दौरे पर जाएंगे. व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है. योजना से जुड़े लोगों के अनुसार इस कार्यक्रम में ट्रंप की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी शामिल है. ट्रंप ने पहले कहा था कि वह इस साल के अंत में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की व्हाइट हाउस यात्रा की मेजबानी करेंगे. इसे दोनों देशों के बीच कई वर्षों के व्यापारिक तनाव के बाद रिश्तों को स्थिर करने की नई कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.  (पढ़े पूरी खबर)

कनाडा में 2 लाख डॉलर के लिए भारतीयों ने रची खौफनाक साजिश: कनाडा के ब्रैम्पटन शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति के अपहरण और भारी फिरौती मांगने के आरोप में पील रीजनल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस सनसनीखेज वारदात में दो भारतीय मूल के युवकों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, पुलिस अब एक अन्य फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है. जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि क्या पकड़े गए आरोपियों के तार किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गैंग से जुड़े हुए हैं. (पढ़े पूरी खबर)