Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (22 फरवरी 2026) की खबरों में होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर विशेष बंदोबस्त, दिल्ली-NCR में इंडस्ट्रियल पॉल्यूशन पर सख्ती, सैनिटाइजर से जलाया प्राइवेट पार्ट, न्यूड वीडियो बनाए, मार्च के तीसरे सप्ताह में पेश हो सकता है दिल्ली 2026-27 का बजट प्रमुख रहा।

होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर विशेष बंदोबस्त

उत्तर रेलवे के दिल्ली डिवीजन ने होली के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक योजना बनाई है। इसके तहत 26 फरवरी से 4 मार्च तक दिल्ली के चार प्रमुख स्टेशनों नई दिल्ली, आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और निजामुद्दीन पर विशेष बंदोबस्त रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए सुरक्षा कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही बैरिकेड और मार्गदर्शन प्रणाली के जरिए स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों को व्यवस्थित किया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-NCR में इंडस्ट्रियल पॉल्यूशन पर सख्ती

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में औद्योगिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नए और सख्त नियम लागू किए हैं। इसके तहत सभी चिन्हित उद्योगों के लिए पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन की अधिकतम सीमा 50 मिलीग्राम प्रति घन मीटर तय की गई है।  यह फैसला आईआईटी कानपुर के अध्ययन के आधार पर लिया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की वायु गुणवत्ता में सुधार करना और लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।नए नियमों के अनुसार, बड़े उद्योगों को 1 अगस्त तक और अन्य उद्योगों को 1 अक्टूबर तक इन मानकों को लागू करना होगा। आयोग का मानना है कि इससे औद्योगिक प्रदूषण में स्थायी कमी लाने में मदद मिलेगी और दिल्ली-एनसीआर की हवा को स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

पढ़े पूरी खबर…..

सैनिटाइजर से जलाया प्राइवेट पार्ट, न्यूड वीडियो बनाए

गुरुग्राम में त्रिपुरा की रहने वाली 19 साल की युवती के साथ एक पीजी में हुई भयावह घटना का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि युवती का लिव-इन पार्टनर शिवम उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवती के प्राइवेट पार्ट को सैनिटाइजर डालकर जलाया। इसके साथ ही आरोपी ने मारपीट का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। अधिकारी ने बताया कि कस्टडी में पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी युवती के साथ फिजिकल रिलेशन बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। घटना के दौरान युवती ने अपने चंगुल से भागकर अपनी मां को फोन किया और मदद मांगी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। शिवम को गिरफ्तार कर कस्टडी में लिया गया है। पुलिस वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

मार्च के तीसरे सप्ताह में पेश हो सकता है दिल्ली 2026-27 का बजट

रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार मार्च के तीसरे सप्ताह में वित्त वर्ष 2026–27 का वार्षिक बजट पेश कर सकती है। बजट को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं और विभिन्न विभागों के साथ मंथन का दौर शुरू होने वाला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार से वित्त और योजना विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठकें शुरू कर सकती हैं। इन बैठकों में बजट की प्राथमिकताएं तय करने, प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करने और नए प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक इस बार के बजट में बिजली और पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर विशेष फोकस रह सकता है, ताकि आम लोगों को राहत देने वाली घोषणाएं की जा सकें। साथ ही बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए भी बड़े प्रावधान किए जाने की उम्मीद है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली में पकड़े गए ‘लुटेरे दूल्हे’: राजधानी में शादी का झांसा देकर महिलाओं से लाखों रुपये के सोने के गहने ठगने वाले अंतरराज्यीय मैट्रिमोनियल फ्रॉड गैंग का दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों अभिषेक सिंह और करण शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क करते थे और शादी का झांसा देकर उनसे सोने के गहने और नकदी ठग लेते थे। इसके बाद वे ठगी का सामान लेकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये के सोने के गहने, 64 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई वर्ना कार बरामद की है। (पढ़े पूरी खबर)

UGC Fake University List 2026: देश की राजधानी दिल्ली को शिक्षा के लिहाज से बेहतर माना जाता है, लेकिन यहां भी 13 ऐसी यूनिवर्सिटी पाई गई हैं जिन्हें University Grants Commission (UGC) से मान्यता प्राप्त नहीं है। यानी ये सभी संस्थान अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं और इनके द्वारा दी जाने वाली डिग्री किसी भी नौकरी या उच्च शिक्षा में मान्य नहीं होगी। विशेषज्ञों के अनुसार इन फर्जी विश्वविद्यालयों में दाखिला लेना छात्रों के लिए उनकी वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये की फीस दोनों की बर्बादी साबित हो सकता है। यूजीसी ने छात्रों और अभिभावकों को ऐसे संस्थानों से सतर्क रहने की सलाह दी है। (पढ़े पूरी खबर)

समान काम के लिए समान वेतन का सिद्धांत पूर्णत लागू नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने एक अहम फैसले में कहा है कि “समान काम के लिए समान वेतन” का सिद्धांत केवल पद या कार्य की समानता के आधार पर स्वतः लागू नहीं किया जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि दो अलग-अलग कैडरों के कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता में अंतर है, तो उनके वेतन में अंतर को उचित ठहराया जा सकता है। (पढ़े पूरी खबर)

मेट्रो निर्माण के चलते सालभर बंद रहेगा यह मार्ग: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि GRG सर्कल और PM सर्कल के बीच स्थित पंडित पंत मार्ग 23 फरवरी (सोमवार) से लगभग एक साल के लिए बंद रहेगा। पुलिस के अनुसार, यहां ‘युगे युगीन भारत’ अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के निर्माण का काम शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते अगले 12 महीनों तक इस मार्ग पर आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह फैसला सुरक्षा और निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए लिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

जनकपुरी हादसे में जान गंवाने वाले कमल के परिजनों को सहायता: जनकपुरी इलाके में सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण हुए हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के युवक कमल ध्यानी के परिवार के लिए राहत की खबर आई है। दिल्ली सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भरोसा दिलाया है।मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल निवासी कमल की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। सरकार की ओर से कहा गया है कि यह सहायता परिवार को आर्थिक संबल देने और कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने के उद्देश्य से दी जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m