Team India Playing 11: टीम इंडिया को सुपर 8 में अपना दूसरा मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई के मैदान पर होना है, जो स्पिन ट्रैक है. यहां भारतीय टीम अपनी बैटिंग को पुख्ता करने के लिए प्लेइंग 11 में 3 बड़े बदलाव कर सकती है.

Team India Playing 11: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. सुपर 8 की जंग चल रही है. टीम इंडिया को पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया, जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. अब अगर उसे सेमीफाइनल में जाना है तो बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने हैं, जो जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने हैं. टीम इंडिया को बचे हुए इन दोनों मैच न सिर्फ जीतने बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, इसलिए कप्तान सूर्या बोल्ड फैसला ले सकते हैं. प्लेइंग 11 में एक-दो नहीं बल्कि 3 बड़े बदलाव दिख सकते हैं.

अगले मैच में प्लेइंग 11 में बदलाव को लेकर संकेत भी मिल चुके हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डसखाटे और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बड़ा बयान दिया. रयान ने माना था कि संजू के पास अनुभव है और दाएं हाथ के बल्लेबाज का टॉप ऑर्डर में होना भारत के लिए फायदेमंद भी हो सकता है, जबकि बैटिंग कोच सितांशु कोटक का कहना था कि अब वक्त आ गया है कि हमें सोचना होगा कि हमें कुछ अलग करना है या फिर इसी कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ना है.

पहला बदलाव

भारतीय टीम ने इस एडिशन में अभिषेक शर्मा को लगातार मौका दिया, लेकिन वो पूरी तरह फ्लॉप रहे. तीन मैचों में उनका खाता नहीं खुला था और फिर सुपर 8 के मुकाबले में अफ्रीका के खिलाफ 15 रन पर पारी खत्म हो गई. बार-बार फ्लॉप होने के चलते अब माना जा रहा है कि सुपर 8 के दूसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा का प्लेइंग 11 से पत्ता साफ हो सकता है. उनकी जगह संजू सैमसन की वापसी हो सकती है, जिन्हें इस सीजन एकमात्र मौका मिला है. नामीबिया के खिलाफ जब अभिषेक शर्मा बाहर बैठे थे तो संजू को मौका दिया गया था. उन्होंने 8 बॉल पर 22 रनों की विस्फोटक लेकिन छोटी पारी खेली थी.

दूसरा बदलाव

साउथ अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल को बाहर रखा गया था, जिसकी कमी टीम इंडिया को साफ तौर पर खली. उनकी जगह जिन वाशिंगटन सुंदर को मौका मिला था, वो गेंद और बल्ले दोनों से फ्लॉप रहे थे. सुंदर ने 2 ओवर में 17 रन दिए थे, जबकि बल्ले से 11 बॉल पर 11 रन ही बनाए थे. अक्षर को तब बाहर किया गया था, जब उन्होंने ग्रुप स्टेज के तीन मैच खेलकर कुल 6 विकेट निकाले थे. हर मैच में उन्होंने 2-2 शिकार किए थे. अक्षर को बाहर करने के फैसले को लेकर कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव पर फैंस ने भड़ास भी निकाली थी.

तीसरा बदलाव

अगर टीम इंडिया अभिषेक शर्मा को बाहर करती है और संजू सैमसन की वापसी कराती है तो फिर रिंकू सिंह को बाहर किया जा सकता है. टीम इंडिया अपनी बैटिंग की गहराई को मजबूत करने के लिए संजू, तिलक और अभिषेक तीनों को खिला सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस प्लेइंग 11 में भारत के लेफ्टी बल्लेबाज ऑफ स्पिनर के खिलाफ खूब फंसे हैं. इस समस्या का हल निकालने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव मिडिल ऑर्डर में संजू के रूप में एक दाएं हाथ के बल्लेबाज की एंट्री करा सकते हैं.

IND vs ZIM मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.