One year of Rekha Gupta government: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार के एक साल पूरे हो गए हैं। दिल्ली सरकार (Delhi Government) के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली में जनसंवाद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बीते एक साल में पूरी पारदर्शिता से काम किया है, जिससे हर नागरिक को योजनाओं का लाभ मिलेगा। खासकर यमुनापार के विकास को प्राथमिकता दी गई है। स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम हुआ है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर चल रहे प्रवास कार्यक्रम के तीसरे दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा में कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि बीते एक साल में दिल्ली सरकार ने पूरे पारदर्शी तरीके से काम किया है। ऐसे में सरकार की योजनाओं का लाभ हर नागरिक को मिलेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि एक वर्ष में हमारी सरकार ने स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम किया है। यमुनापार के विकास को प्राथमिकता देते हुए ठप पड़ी योजनाओं को गति दी गई है। जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए हर योजना को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। बीते दस साल में जो रुकावटें पिछली सरकार ने डालीं, उससे आगे बढ़कर अब दिल्ली का सतत विकास होगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड और जन औषधि केंद्रों से हजारों परिवारों को राहत मिली है। आश्रम- बदरपुर, कालिंदी कुंज, डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना और अन्य कारिडोर से जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना संगठन की पहली जिम्मेदारी है। जनता ने सरकार और निगम दोनों जगह भाजपा को आशीर्वाद दिया है, इसलिए जनप्रतिनिधि हमेशा जनता की सेवा में उपस्थित हैं।

यमुनापार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि 728 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का असर जल्द ही यमुनापार में दिखाई देगा। विष्णु मित्तल, विधायक रविकांत उज्जैनवाल, डा. अनिल गोयल, संजय गोयल, अभय वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, तरविंदर सिंह मारवाह, रवि नेगी, दीपक गाबा, वीरेंद्र धामा व भारत गौड़ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m