महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में एक अलग तरह की घटना चर्चा का विषय बन गई है. शहर के एक वार्ड में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को शिकायत और प्रतिनिधित्व दिया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसी मुद्दे को लेकर मालेगांव लोकसंघर्ष समिति के अध्यक्ष लुकमान कमाल के नेतृत्व में वार्ड के लोगों ने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के बिजली विभाग पर धरना दिया. चूंकि रमजान का महीना भी चल रहा है और धरने के दौरान असर की नमाज़ का वक्त हो गया. ऐसे में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वहीं बिजली विभाग के दफ्तर में ही जमात में नमाज़ अदा कर ली. अब इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है.मामले को गरमाता देख पुलिस ने भी सख्त एक्शन लेते हुए 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.

नमाज के दौरान हंगामे के मामले में केस दर्ज

मालेगांव नगर निगम के विद्युत विभाग कार्यालय में घुसकर हंगामा करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में महेंद्र रघुनाथ सावंत (उम्र 43 वर्ष), वायरमैन, निवासी कृषीनगर, कल्पतरु पार्क, मालेगांव ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, सावंत पिछले करीब 9 वर्षों से मालेगांव नगर निगम के विद्युत विभाग में वायरमैन के पद पर कार्यरत हैं. 23 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे वे अपने सहकर्मियों संदीप कालुंखे, पवन केदारे (वायरमैन), मोहन देवरे (शिपाई) और संतोष महाले (पानी आपूर्ति विभाग) के साथ कार्यालय में ड्यूटी पर मौजूद थे.

विद्युत विभाग में वायरमैन ने क्या बताया?

नगर निगम के विद्युत विभाग में वायरमैन ने बताया कि इसी दौरान लुकमान और सलीम एक्का नामक व्यक्ति अपने 4–5 साथियों के साथ कार्यालय में पहुंचे. लुकमान ने स्ट्रीट लाइटों का हिसाब और रजिस्टर दिखाने की मांग की. इस पर सावंत ने बताया कि संबंधित लाइटें विद्युत निरीक्षक द्वारा आवश्यकतानुसार वार्ड में लगाने के लिए ले जाई गई हैं और इसकी जानकारी वही दे सकते हैं. इसके बाद वे लोग वहां से चले गए.

दोबारा ऑफिस पहुंचा आरोपी लुकमान

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे लुकमान अपने साथियों के साथ दोबारा कार्यालय पहुंचा और कहा कि नमाज का समय हो गया है तथा वे कार्यालय के अंदर ही नमाज अदा करेंगे और स्ट्रीट लाइट भी साथ ले जाएंगे. आरोप है कि उन्होंने विद्युत अधीक्षक के केबिन में रखी कुर्सियां फेंक दीं. एक कुर्सी सावंत के पैर में लगी. कर्मचारियों द्वारा समझाने की कोशिश के बावजूद आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी. शिकायत में कहा गया है कि एक व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए धमकी दी और धक्का-मुक्की कर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की.

“हम उनके इंतजार में बैठे थे”

वहीं इस मुद्दे पर मालेगांव लोकसंघर्ष समिति के अध्यक्ष लुकमान कमाल ने कहा, “म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में हमें 3.0 बजे बुलाया था. जब हम गए तो हमें बैठाकर रखा गया, उन्होंने कहा कि हम मीटिंग से आते हैं और वो आए नहीं. हम उनके इंतजार में बैठे थे. इस दौरान असर की नमाज का वक्त हो गया. अगर हमलोग चले जाते तो अधिकारी ऑफिस बंद कर चले जाते, तो हमें कल के दिन भी लाइट नहीं मिलती, इसलिए हमने असर की नमाज भी बिजली विभाग के ऑफिस में पढ़ी.”

किरीट सोमैया ने की थी कार्रवाई की मांग

अब इस मामले पर बीजेपी के फायर ब्रांड नेता किरीट सोमैया का भी बयान सामने आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ म्युनिसिपल कर्मचारियों और लोगों ने म्युनिसिपल इलेक्ट्रिसिटी डिपार्टमेंट ऑफिस में खुलेआम नमाज़ पढ़ी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. किरीट सोमैया के मुताबिक, इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी.

विद्युत विभाग में वायरमैन ने दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी नगर निगम आयुक्त को देने के बाद सावंत ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस में कानूनी शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उन्हें चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता नहीं है. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m