मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-7 गैरेज रोड स्थित जियो टावर में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद टावर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में जियो की सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग की चपेट में आने से टावर का कंट्रोल पैनल जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र के दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकल टीम की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच में जुटी है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

