बक्सर। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेल पुलिस (GRP) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने बक्सर रेलवे स्टेशन से दो शातिर चोरों को दबोचा है। इनकी गिरफ्तारी के बाद हुई कड़ाई से पूछताछ में शहर के बड़े आभूषण बाजार में चोरी के सामान की खपत करने वाले नेटवर्क का भी भंडाफोड़ हुआ है।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए संदिग्ध
घटनाक्रम के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की टीम स्टेशन परिसर में नियमित गश्त और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सघन पूछताछ में उन्होंने ट्रेनों और स्टेशन क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
ठठेरी बाजार में छापेमारी
गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 मार्च की शाम शहर के प्रसिद्ध ठठेरी बाजार (पीपी रोड) में छापेमारी की। चोरों ने बताया था कि उन्होंने चोरी का सोना स्थानीय ज्वेलरी दुकानों में बेचा है। पुलिस ने ‘विकास ज्वेलर्स’ और ‘सर्वेश कुमार वर्मा’ की दुकान पर दबिश दी, जहां से चोरी की एक सोने की चेन और दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए।
चोरों के साथ खरीदार (रिसीवर) भी गिरफ्तार
पुलिस ने न केवल चोरी करने वालों को, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले दो दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चोरों की पहचान चंदन कुमार (30) और कन्हैया राम (22) के रूप में हुई है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने के आरोप में दुकानदार सर्वेश कुमार वर्मा (26) और विकास कुमार (26) को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी की संपत्ति खरीदने वाले भी उतने ही दोषी हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

