CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से एक वीडियो संदेश साझा कर सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में लिखा, “रंगों की अनुपम छटा, उमंगों की मधुर तरंग और हर्षोल्लास से परिपूर्ण पावन पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”

डिप्टी सीएम साव पत्रकारों के साथ खेलेंगे होली
प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव आज होली का त्योहार खास अंदाज में मनाएंगे। वे सुबह 10:00 बजे पत्रकारों के साथ होली खेलेंगे। यह कार्यक्रम उनके नया रायपुर स्थित निवास में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे और रंगों के इस पर्व को मिलजुल कर मनाएंगे।
ट्रिपल आईटी में आईडिया लैब शुरू
रायपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर ट्रिपल आईटी, नया रायपुर में एआईसीटीई-आईडिया लैब का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एआईसीटीई के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर वर्मा ने पट्टिका अनावरण और दीप प्रज्वलन कर लैब का उद्घाटन किया। इस लैब का मुख्य उद्देश्य छात्रों के लिए थ्योरी और प्रैक्टिकल के बीच के अंतर को समाप्त करना है। प्रो. ओमप्रकाश व्यास के अनुसार, यह लैब रचनात्मकता और तकनीकी विकास का केंद्र बनेगी, जहां छात्र अपने नवाचारी विचारों (इनोवेटिव आइडियाज) को वास्तविक प्रोजेक्ट्स में बदल सकेंगे।
एमएससी नर्सिंग के लिए व्यापम ने खोला पोर्टल
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए पोर्टल खोल दिया है। प्रवेश परीक्षा 14 मई को आयोजित की जाएगी। आवेदन 3 मार्च से 27 मार्च तक व्यापम की वेबसाइट पर ऑनलाइन किए जा सकेंगे। परीक्षा केंद्र केवल रायपुर और बिलासपुर में बनाया जाएगा। इस प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रदेश के स्नातकोत्तर नर्सिंग पाठ्यक्रम में छात्रों को प्रवेश मिलेंगे।
केंद्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन शुरू
रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के तहत 2 मई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित कक्षा 8वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी को 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई के लिए हर माह एक-एक हजार रूपए की छात्रवृत्ति केंद्र सरकार की ओर से प्रदान की जाएगी। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के लिए परीक्षा आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विद्यार्थी द्वारा ऑफलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 मार्च है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए है। विस्तृत दिशा-निर्देश माशिम की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
4 और 5 मार्च को जनजातीय संग्रहालय रहेगा बंद
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर सेक्टर-24 में स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में बने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनाजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय एवं जनजातीय संग्रहालय होली पर्व के अवसर पर 04 और 05 मार्च को दो दिनों तक आगंतुकों के लिए बंद रहेगा।
लक्ष्मी वर्मा कल दाखिल करेंगी नामांकन
रायपुर। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। लक्ष्मी वर्मा कल सुबह 10 बजे विधानसभा सचिव के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने सभी विधायकों को विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहेंगे। साथ ही संगठन के वरिष्ठ नेता भी नामांकन के समय उपस्थित रहेंगे।
कुरूद में 15 मार्च को कांग्रेस की राष्ट्रीय रैली
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस 15 मार्च को कुरूद में राष्ट्रीय स्तर की रैली आयोजित करने जा रही है। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। होली के बाद संगठन की बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नेताओं, पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। रैली में 50 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए विधायकों को भी विशेष जवाबदारी सौंपी जाएगी। राष्ट्रीय स्तर की इस रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस पर भव्य आयोजन का दबाव भी बढ़ गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

