पटना। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान से करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 72 स्मार्टफोन समेत अन्य सामान उड़ा लिए। घटना रविवार की देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार चोर दुकान के पिछले रास्ते से अंदर घुसे। पहले एक आरोपी ने शटर काटा और फिर अपने दो साथियों को अंदर बुला लिया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। महज पांच मिनट के भीतर उन्होंने 72 स्मार्टफोन और मोबाइल से जुड़े अन्य सामान कार्टन में भर लिए। हैरानी की बात यह है कि चोर एक वॉशिंग मशीन भी साथ ले गए। सामान ले जाते हुए तीनों आरोपी सीसीटीवी में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, हालांकि चेहरा ढका होने के कारण पहचान नहीं हो पाई है।

करीब 72 स्मार्टफोन और अन्य सामान गायब मिले

दुकान के मालिक पंकज कुमार ने बताया कि 1 मार्च की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे गश्ती पुलिस ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दुकान का शटर कटा हुआ है और चोरी की आशंका है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शटर टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में करीब 72 स्मार्टफोन और अन्य सामान गायब मिले।

पुलिस ने पटना एफएसएल टीम को बुलाया

सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस ने पटना एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।