प्रमोद कुमार, कैमूर। बिहार समेत देश में एलपीजी गैस कि किल्लत को लेकर असमंजस कि स्थिती पैदा हो गई है। जिले के भभुआ में एचपी गैस एजेंसी के गोदाम पर पिछले चार दिनों से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। गैस की किल्लत और अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सुबह चार बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर लोग एजेंसी पहुंच जा रहे हैं, जिससे एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं।

स्थानीय निवासी बिनीत सिंह ने बताया, “गैस नहीं मिल रही। बेंडर वाले ₹1600 में ब्लैक बेच रहे हैं। घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।” लाइन में लगे अभिमन्यु पटेल जैसे सैकड़ों उपभोक्ता सुबह चार बजे नागा बाबा एचपी गैस एजेंसी गोदाम पहुंचे। उन्होंने कहा, “मेरा गैस खत्म हो गया। चार घंटे से इंतजार कर रहे हैं। अफवाह फैली है कि सिर्फ ओटीपी वालों को गैस मिल रही। अगर गैस मिल जाए तो एजेंसी मालिक को धन्यवाद देंगे।”

गोदाम के बाहर भीड़ इतनी है कि लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लाइन में लगे कई लोगों ने बताया कि युद्ध की वजह से पेट्रोल-डीजल के साथ गैस सप्लाई भी रुकने की अफवाह ने सबको हड़बड़ा दिया। वहीं, एजेंसी मालिक प्रतिक कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि, “गैस सप्लाई में थोड़ी कमी है, लेकिन सिलेंडर पर्याप्त हैं।

उन्होंने बताया कि, सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल हो गया कि गैस-पेट्रोल खत्म होने वाला है। इसे लेकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ है, जिसे एक चाहिए, वो चार भरवा रहा। मेरे 60 हजार उपभोक्ता हैं। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि, सभी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सब लोग घर पर रहें। ओटीपी आएगा तो बुकिंग हो जाएगी। दो सिलेंडर हैं, तो एक चलाएं, दूसरा भरें। अनावश्यक भीड़ न लगाएं।”

सरकारी नियम के मुताबिक, एक सिलेंडर रिफिल के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग पर ओटीपी मिलता है। मालिक बोले, “बेंडरों पर न जाएं, स्टॉक है। धैर्य रखें।” जिला प्रशासन को भी शिकायतें मिल रही हैं। उपभोक्ता चाहते हैं कि अफवाहें रुकें और सप्लाई सुचारू हो। फिलहाल, भभुआ गोदाम पर पिछले कुछ दिनों से तनाव का माहौल बरकरार बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- गैस की किल्लत के बीच सासाराम में कालाबाजारी का खेल शुरू: घर से 10 LPG सिलेंडर बरामद और 19 कार्ड बरामद, दो गिरफ्तार