अजय शास्त्री/ बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत बेगूसराय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को 330 करोड़ रुपये की लागत वाली 402 विकास योजनाओं का उपहार दिया। इसमें 118.67 करोड़ की 190 परियोजनाओं का शिलान्यास और 211.97 करोड़ की 212 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। विशेष रूप से, सीएम ने बियाडा (BIADA) कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला भी रखी।

​पिछली सरकार बनाम कानून का राज

​जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले के बिहार की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि पहले की सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी और सांप्रदायिक दंगे आम थे। नीतीश कुमार ने कहा, हमने कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवाई और मंदिरों की बाउंड्री बनवाई ताकि विवाद खत्म हों। आज बिहार में शांति और विकास का राज है। संबोधन के बीच जब कुछ महिलाएं उठकर जाने लगीं, तो सीएम ने चुटीले अंदाज में उन्हें रोकते हुए कहा, अरे कहां भाग रही हो, बैठिए और चुपचाप सुनिए, सब काम आप ही के लिए हो रहा है।

​रोजगार और सौर ऊर्जा का बड़ा लक्ष्य

​मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जा चुका है, जबकि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बिजली के क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब घरों की छतों पर मुफ्त में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे जनता का खर्च शून्य होगा। उन्होंने केंद्र सरकार और पीएम मोदी द्वारा मिल रही निरंतर मदद की भी सराहना की।

जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 9,715 जीविका समूहों को 578.09 करोड़ रुपये के बैंक ऋण का चेक सौंपा। उन्होंने महिला उद्यमियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके आत्मनिर्भर प्रयासों को ‘थैंक्यू’ और ‘बधाई’ कहकर प्रोत्साहित किया। इसी दौरान मंच के सामने से ‘बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ के नारे भी गूंजे।