CG Crime News : जांजगीर. जांजगीर जिले से हैवान पिता की करतूत सामने आई है. पिता ने पांच वर्षीय मासूम बेटे को नहर में डूबोकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, भैसों गांव में रहने वाले रेशम लाल यादव (27) की शादी वर्ष 2018 में ग्राम भिलौनी निवासी महिला से हुई थी. उनके तीन बच्चे हैं. पारिवारिक विवाद और मारपीट के चलते पत्नी अपने दो बेटियों को लेकर अपने मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी. जबकि बेटा आयुष अपने पिता रेशम यादव के पास ही था. आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मारेगा और फिर खुद भी जान दे देगा.

आधी रात पत्नी को दी बेटे की हत्या की खबर

आरोपी 13 मार्च की शाम को अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला और 14 मार्च की रात लगभग एक बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी. इसके बाद रात 2 बजे आरोपी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई.

महिला ने बेटे की हत्या की सूचना पामगढ़ थाने में दी. मामले में पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.