प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के पुसौली गोला से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक को रात में घर से बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सुबह सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उधर घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के पिता राम निवास साह के अनुसार, 17 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके पुत्र राजा साह को कुछ लोगों ने DJ का सट्टा करने के बहाने घर से बुलाया। जैसे ही राजा घर से बाहर निकले, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और घसीटते हुए मारपीट करते हुए रेलवे स्टेशन के पास ले गए।

परिजनों का कहना है कि, जब छोटे बेटे ने घटना की सूचना दी, तब वे मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह जान बचाकर वे वहां से निकले, लेकिन राजा साह को नहीं बचा सके। मृतक की बहन ने भी आरोप लगाया कि उसे भी अगवा करने और जान से मारने की धमकी दी गई। और भाई ने मरने से पहले बयान में बताया है, की कौन- कौन लोग थे।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह मृतक का शव पुसौली NH और रेलमार्ग के पास रखकर लंबे समय तक जाम किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई नहीं करती, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। मौके पर पहुंचे मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से जाम खत्म कराया।

उन्होंने बताया कि, इस मामले में लगभग 15 लोग आरोपी हैं, जिनमें से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापे मारी कर रही है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में भारी बवाल: पॉक्सो आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला, दोनों तरफ से हुई फायरिंग में स्थानीय की मौत, 4 पुलिसकर्मी घायल