दिल्ली में हाल ही में मौसम का रुख अचानक बदल गया है। करीब 15 दिन पहले राजधानी में पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था और होली के आसपास पंखे चलाने पड़ रहे थे। लेकिन अब तेज हवाओं और बारिश के चलते ठंड का अहसास होने लगा है, जिससे लोगों को फिर से कंबल और रजाई निकालनी पड़ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रहा था। फरवरी का औसत तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। मार्च के पहले पखवाड़े में भी मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहा। इस बीच दिल्लीवासियों के लिए अच्छी खबर यह है कि राजधानी में हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते हवा में मौजूद प्रदूषक कण कम हो गए हैं और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब पांच महीने बाद 100 से नीचे, यानी 93 दर्ज किया गया है। यह ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

होली पर गर्मी ने तोड़ा था रिकॉर्ड

दिल्ली में होली के आसपास मौसम ने रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दिखाई थी। राजधानी के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान चार से सात डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से ज्यादा रहा, जिससे घरों में पंखे चलने लगे और कुछ लोगों ने एसी और कूलर भी इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। दिन के समय गर्मी और धूप से लोग काफी परेशान नजर आ रहे थे।

लेकिन बुधवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम में अचानक बदलाव ला दिया। बुधवार की शाम को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान गिरने लगा। इसके बाद शुक्रवार की सुबह से राजधानी के अधिकांश इलाकों में घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली व आसपास के इलाकों में नमी की मात्रा भी बढ़ गई। शुक्रवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 21.7°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6°C कम है। वहीं, मयूर विहार इलाके में दिन का अधिकतम तापमान 19.7°C रहा, जहां सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई।

5 महीने बाद 100 से नीचे आया AQI

मौसम के साथ-साथ दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। करीब पांच महीनों (161 दिन) के बाद यह पहला दिन था जब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से नीचे, यानी 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। इससे पहले 9 अक्टूबर, 2025 को AQI 99 दर्ज किया गया था। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, शनिवार से 23 मार्च तक दिल्ली में AQI ‘मध्यम’ (101–200) श्रेणी में रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार AQI के मान इस प्रकार श्रेणीबद्ध हैं 0–50: अच्छा , 51–100: संतोषजनक , 101–200: मध्यम , 201–300: खराब , 301–400: बहुत खराब , 401–500: गंभीर

सामान्य से 22 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई

दिल्ली में फरवरी में सामान्य से 98% कम बारिश होने के बाद मार्च के पहले पखवाड़े में भी बारिश नहीं हुई थी, लेकिन अब मौसम ने अचानक करवट दिखाई है। सफदरजंग में आमतौर पर 20 मार्च तक 13.1 मिमी बारिश होती है, जबकि इस साल अब तक 16 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी इस बार सामान्य से 22% ज्यादा बारिश हो चुकी है।

बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 21.2°C (सामान्य से 9°C कम), लोधी रोड 21.0°C (सामान्य से 10.7°C कम), रिज 21.1°C, और आयनगर 21.5°C रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग 16°C, पालम 14.7°C, लोधी रोड 15.8°C, रिज 15.1°C, और आयनगर 16°C दर्ज किया गया। शहर में शुक्रवार को 7 मिमी बारिश हुई, जिससे इस महीने अब तक औसत वर्षा 16.2 मिमी हो गई है। यह 2023 के बाद तीन सालों में सबसे ज्यादा बारिश वाला मार्च माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से 23 मार्च तक राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14°C और अधिकतम तापमान 27°C रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m