IPL 2026 All 10 Teams Opening Pairs: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 10 टीमों के पास एक से बढ़कर एक धुरंधर बैटर हैं. ओपनर के लिए एक-दो नहीं बल्कि लगभग 3-3 विकल्प हैं. इस बार हर क्रिकेट फैंस की नजर ओपनिंग जोड़ी पर रहने वाली है. सबके मन में एक ही सवाल है कि सबसे घातक ओपनिंग जोड़ी किसके पास है? ओपनिंग जोड़ी की बात करना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि टीम की दिशा ओपनर्स ही तय करते हैं. अगर ओपनर्स चल गए तो मुकाबला अलग ही कर देते हैं. कहा भी जाता है कि वही टीमें मैच जीतती हैं, जिन्हें शुरुआत अच्छी मिलती है और अच्छी शुरुआत दिलाने का काम ओपनिंग जोड़ी का ही होता है.
आईपीएल 2026 में सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की मानी जा रही है, जो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पिछले 2 सीजन से तबाही मचा रहे हैं और 19वें सीजन में एक बार फिर यह दोनों धुरंधर गेंदबाजों के होश उड़ाने के लिए तैयार हैं. 28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल 2026 के पहले ही मैच में इस जोड़ी का जलवा देखने को मिलेगा, क्योंकि ओपनिंग मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है.

आईपीएल 2026 में एक तरफ जहां हेड और अभिषेक की जोड़ी गर्दा उड़ाएगी, तो दूसरी तरफ विराट कोहली और फिल साल्ट का ‘क्लास’ दिखेगा. राजस्थान के पास वैभव सूर्यवंशी जैसा युवा जोश है, तो मुंबई के पास रोहित-डी कॉक का अनुभव.
नीचे देखिए सभी 10 टीमों की ओपनिंग जोड़ी की लिस्ट
- अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड (SRH)- पिछले कुछ सीजन में यह जोड़ी साबित कर चुकी है कि वह किसी भी टीम के खिलाफ रनों का अंबार लगा सकती है. पिछले सीजन में 171 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी करने वाले ये दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने के लिए पहचाने जाते हैं. दोनों लेफ्टी बैटर हैं और दोनों के पास तगड़ी सिक्स हिटिंग एबिलिटी है.
- विराट कोहली और फिल साल्ट (RCB)- दूसरे नंबर पर विराट कोहली और इंग्लैंड के तूफानी ओपनर फिल साल्ट की जोड़ी है. दोनों ने पिछले सीजन कमाल की पारियां खेली थीं और टीम को 18 साल के इतिहास में पहली बार खिताब दिलाने में अहम रोल अदा किया था. साल्ट जहां आक्रामक हैं, तो वहीं कोहली लंबी पारी खेलने के लिए पहचाने जाते हैं.
- फिन एलन और टिम सीफर्ट (KKR)- टी20 विश्व कप 2026 में यह कीवी बल्लेबाजों की जोड़ी बता चुकी है कि वह क्या कर सकते हैं. दोनों के पास पहली गेंद से छक्कों की बारिश करने की क्षमता है. पहले 6 ओवरों में दोनों ही बैटर बाउंड्री में डील करते हैं.
- वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल (RR)- इस टीम के पास युवा बैटर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी जोड़ी है. 14 साल के रिकॉर्डवीर वैभव ने पिछले सीजन शतक ठोककर तबाही मचाई थी. जबकि जायसवाल के पास इस लीग का बढ़िया अनुभव है और वह भी खतरनाक बैटर हैं. अब यह जोड़ी मिलकर राजस्थान के लिए 2008 के बाद दूसरा खिताब दिलाने की पूरी कोशिश करेगी.
- रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक (MI)- 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस के पास अनुभवी ओपनिंग जोड़ी है. रोहित और डी कॉक दोनों टी20 क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाज हैं. लेफ्टी और राइटी बैटर का कॉम्बिनेशन रखने वाली यह जोड़ी वानखेड़े में रनों की बारिश करने को तैयार है.
- संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ (CSK)- 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स छठी बार ट्रॉफी उठाना चाहती है, जिसकी जिम्मेदारी संजू और ऋतुराज के कंधों पर होगी. संजू पहली गेंद से छक्के लगाते हैं, जबकि ऋतुराज एंकर पारी खेलने के लिए पहचाने जाते हैं. यह जोड़ी किसी भी गेंदबाजी लाइनअप को नेस्तनाबूद कर सकती है.
- एडेन मार्कराम और मिशेल मार्श (LSG)- पिछले सीजन इस जोड़ी ने लखनऊ के लिए धमाकेदार शुरुआत दिलाई थी. अब एक बार फिर यह विदेशी जोड़ी पावरप्ले में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने मैदान पर उतरेगी. दोनों के पास छक्के लगाने की जबरदस्त क्षमता है.
- प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य (PBKS)- पिछले 2 सीजन से यह जोड़ी पंजाब के लिए कमाल की बल्लेबाजी कर रही है. यह दोनों ही बैटर टैलेंटेड हैं. अब देखना होगा कि आईपीएल 2026 में यह दोनों किस तरह की शुरुआत दिलाते हैं.
- शुभमन गिल और साई सुदर्शन (GT)- गुजरात की यह जोड़ी तकनीकी रूप से मजबूत है, लेकिन टी20 के लिहाज से इनके स्ट्राइक रेट पर सवाल रहते हैं. दोनों पर स्ट्राइक रेट बढ़ाने का दबाव होगा. गिल बतौर कप्तान आईपीएल 2026 में पहला खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेंगे.
- केएल राहुल और पथुम निसांका (DC)- यह दोनों ही टेक्निकल प्लेयर हैं, लेकिन इस बार दिल्ली के लिए ओपन कर सकते हैं. राहुल आईपीएल में खुद को साबित कर चुके हैं, जबकि पथुम निसांका पहली बार आईपीएल में खेलेंगे, जिनके सामने खुद को साबित करने की चुनौती होगी. यह कहना गलत नहीं होगा कि अपने दिन पर यह जोड़ी किसी भी गेंदबाजी लाइनअप की हालत खराब कर सकती है.

