कुंदन कुमार/ पटना। बिहार सरकार के कद्दावर मंत्री और पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रभारी मंगल पांडे ने ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी संभावित हार को देखकर बौखलाहट में हैं।

​आरोपों की राजनीति और हार का डर

​मंगल पांडे ने कहा कि ममता बनर्जी द्वारा चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर लगाए जा रहे आरोप उनकी हताशा का प्रतीक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, जब हार सामने दिखने लगती है, तो संवैधानिक संस्थाओं पर दोष मढ़ना ममता दीदी की पुरानी आदत रही है। पांडे के अनुसार, इस बार बंगाल की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और कोई भी आरोप भाजपा की बढ़त को नहीं रोक सकता।

​घुसपैठ और वोटिंग के खेल पर प्रहार

​मंत्री मंगल पांडे ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक ममता बनर्जी बांग्लादेशी घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतती आई हैं। उन्होंने कहा कि पहले घुसपैठियों को लाकर फर्जी वोटिंग कराई जाती थी और डरा-धमकाकर आम वोटरों को मतदान केंद्रों से रोका जाता था। लेकिन इस बार स्थितियां बदल चुकी हैं।

​चुनाव आयोग की सख्ती से बढ़ी बेचैनी

​पांडे ने चुनाव आयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस बार आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए कमर कस ली है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सख्त निगरानी के कारण अब बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग का खेल मुमकिन नहीं होगा। यही कारण है कि टीएमसी खेमे में डर का माहौल है। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता इस बार निर्भीक होकर मतदान करेगी और ममता सरकार की विदाई तय करेगी।