LSG vs DC IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पांचवें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। लखनऊ सुपर जाएंट्स पिछले सीजन में चोटों से काफी प्रभावित रही थी, जिसके चलते टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। हालांकि इस बार टीम लगभग पूरी तरह फिट स्क्वॉड के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स भी इस सीजन में संतुलित और मजबूत नजर आ रही है। पिछले साल अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी थी। ऐसे में आज दोनों टीमें नए आत्मविश्वास और बेहतर तैयारी के साथ जीत से अपने अभियान की शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच यह मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आकड़ें, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरुरी अपडेट्स पर एक नजर डालते है।
लखनऊ की टीम दिख रही मजबूत

लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए पिछला सीजन चोटों की वजह से काफी चुनौतीपूर्ण रहा था, खासकर तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया था। लेकिन इस बार टीम लगभग पूरी तरह फिट नजर आ रही है। मोहम्मद शमी और एनरिक नोर्किया जैसे अनुभवी तेज गेंदबाजों की टीम में एंट्री से गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है। वहीं मयंक यादव ने पिछले एक साल में अपनी फिटनेस पर खासा काम किया है, जिससे टीम को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
मोहसिन खान भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं, जबकि युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने नेट्स में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। इसके अलावा मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी भी अपने पिछले सीजन के प्रदर्शन को आगे बढ़ाना चाहेंगे।
बैटिंग की बात करें तो लखनऊ का टॉप ऑर्डर संतुलित नजर आता है। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम टीम को मजबूत शुरुआत दे सकते हैं। ऋषभ पंत इस बार टॉप ऑर्डर में खेलते नजर आ सकते हैं, जबकि निकोलस पूरन के मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है।
दिल्ली की टीम भी कम नहीं

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स भी इस बार संतुलित और मजबूत नजर आ रही है। पिछले सीजन में अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी।
ओपनिंग कॉम्बिनेशन दिल्ली के लिए चिंता का विषय रहा है, जहां पिछले सीजन में सात अलग-अलग जोड़ियां आजमाई गई थीं। इस बार टीम टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाना चाहती है। केएल राहुल का ओपनिंग करना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन उनके जोड़ीदार को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है।
पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल और पाथुम निसांका इस भूमिका के दावेदार हैं। मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए टीम ने डेविड मिलर को शामिल किया है, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
गेंदबाजी में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी दिल्ली की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। हालांकि मिचेल स्टार्क चोट के चलते शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन लुंगी एनगिडी और टी नटराजन तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देते हैं।
कड़ा मुकाबला तय
ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। एक ओर ऋषभ पंत पर खुद को साबित करने का दबाव होगा, वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स संतुलित संयोजन के साथ जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी।
LSG vs DC: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल इतिहास पर नजर डालें तो मुकाबला काफी करीबी रहा है, लेकिन आंकड़ों में दिल्ली कैपिटल्स थोड़ा आगे नजर आती है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच दिल्ली कैपिटल्स ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत मिली है। ऐसे में इस बार भी एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अब तक IPL के 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 9 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 12 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है।
टॉस यहां अहम भूमिका निभाता है। अब तक 14 मुकाबले टॉस जीतने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीम को सिर्फ 7 मैचों में जीत मिली है।
इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 175 से ज्यादा है, जो इसे हाई स्कोरिंग ग्राउंड बनाता है। यहां सबसे ज्यादा स्कोर 235 रन दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम स्कोर 108 रन रहा है, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम है। हालांकि, IPL में इस मैदान पर अब तक 180 या उससे ज्यादा रन का सफल पीछा नहीं हो पाया है।
गेंदबाजों के लिए भी यह पिच पूरी तरह आसान नहीं है। यहां गेंदबाजी औसत 28.14 और इकोनमी 8.79 रही है, जिससे साफ है कि विकेट गिरते जरूर हैं, लेकिन रन भी तेजी से बनते हैं। स्पिन गेंदबाजों को इस पिच पर खास मदद मिलती है।
ऐसे में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मुकाबला हाई स्कोरिंग रहने की पूरी संभावना है, क्योंकि दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं।
LSG की संभावित प्लेइंग 11
मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, एनरिक नोर्किया, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, दिग्वेश राठी
इम्पैक्ट प्लेयर: शाहबाज अहमद
DC की संभावित प्लेइंग 11
पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, औकिब नबी, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी
इम्पैक्ट प्लेयर: टी. नटराजन
कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण शाम 7 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

