Rishabh Pant Run Out: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के लिए बढ़िया रहा, वहीं ऋषभ पंत के लिए निराशाजनक रहा. अपनी टीम लखनऊ के लिए पहला ही मैच खेलने उतरे पंत की किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गए.
Rishabh Pant Run Out: जिस बात का डर था, वही हुआ. आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत के लिए आईपीएल 2026 का आगाज निराशाजनक रहा. 1 अप्रैल को 19वें सीजन में पहला मैच खेलने उतरे पंत के साथ मैदान पर जो कुछ हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. इकाना स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 5वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है. लखनऊ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 141 रन बनाए. वह पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. कप्तान ऋषभ पंत ओपनिंग करने आए थे, लेकिन बिना किसी बड़ी गलती के पवेलियन लौट गए.
बतौर ओपनर क्रीज पर उतरे ऋषभ पंत के बल्ले से सिर्फ 7 रन निकले. वह क्रीज पर सेट भी नहीं हो पाए और आउट होकर पवेलियन लौट गए. पंत नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे और ‘अनफॉर्चुनेट’ (दुर्भाग्यपूर्ण) तरीके से रन-आउट हो गए.
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि गेंदबाजी कर रहे मुकेश कुमार की उंगलियों से टकराकर गेंद सीधे स्टंप्स में जा लगी और पंत क्रीज से बाहर रह गए, जिससे लखनऊ की पारी की शुरुआत ही बिगड़ गई. पंत हताश और निराश होकर लौटे. वह पहली बार लखनऊ के लिए ओपन करने आए थे, लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए.
तीसरे ओवर में पंत के साथ हुई अनहोनी
यह पूरी घटना लखनऊ टीम की पारी के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर घटी. गेंदबाज मुकेश कुमार ने स्ट्राइक पर बल्लेबाजी कर रहे मिचेल मार्श को गेंद फेंकी थी.
मार्श ने अच्छी लेंथ की गेंद पर सीधा ड्राइव खेला, जो पिच के बीचों-बीच जा रही थी. इस दौरान मुकेश ने अपनी बाईं ओर हाथ बढ़ाकर गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद से सिर्फ हल्का सा उनका हाथ टच हुआ और बॉल सीधे स्टंप्स पर जा लगी. उधर पंत क्रीज से बाहर थे, इसलिए वह रन-आउट हो गए. इस घटना ने हर किसी को चौंका दिया.
मुश्किल से 141 रनों पर पहुंची LSG
लखनऊ सुपर जायंट्स ने सिर्फ 19 रन पर अपना पहला विकेट गंवा दिया और उसकी शुरुआत लड़खड़ा गई. पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18.1 ओवर में 141 रनों पर सिमट गई.
मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. दिल्ली के लिए लुंगी एनगिडी ने 3.4 ओवरों में 27 रन देकर 3 विकेट लिए. टी नटराजन ने 4 ओवरों में 29 रन देकर 3 विकेट झटके. कुलदीप यादव ने 2 जबकि अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला.
दिल्ली की शुरुआत भी ठीक नहीं हुई
दिल्ली की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. टीम ने अपने पहले 4.4 ओवरों में 26 रन पर 4 विकेट गंवा दिए. यह मैच फंस चुका है. दिल्ली को जीतने के लिए 112 रनों की दरकार है.
केएल राहुल पहली ही गेंद पर आउट हो गए. फिर 21 रन पर नीतीश राणा के रूप में दूसरा विकेट गिरा. पथुम निसांका भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. 25 रन पर तीसरा विकेट गिरा और फिर 26 रन के स्कोर पर कप्तान अक्षर पटेल भी पवेलियन लौट गए. खबर लिखे जाने तक समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर मौजूद हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

