IPL 2026, LSG vs DC: आईपीएल 2026 में 1 अप्रैल की शाम अपना पहला मैच खेलने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को करारी हार मिली. दिल्ली कैपिटल्स ने उसे 6 विकेट से हरा दिया. इस मैच में लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत खुद ओपनिंग करने आए थे. इस फैसले ने हर किसी को चौंका दिया. पंत का ओपनिंग का दांव उल्टा पड़ा. पंत सिर्फ 9 गेंदों में 7 रन बनाकर एक अजीब रन आउट का शिकार हो गए, जिससे टीम की शुरुआत ही लड़खड़ा गई और बाकी बल्लेबाज भी पारी को संभाल नहीं सके. टीम मुश्किल से 141 रनों तक पहुंची. इस टारगेट को दिल्ली ने 4 विकेट खोकर 17.1 ओवर में हासिल कर लिया.

ऋषभ पंत ने अपने लगभग एक दशक लंबे T20 करियर में सिर्फ 23 बार ओपनिंग की है, जिनमें से केवल 7 मौके इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आए हैं. इनमें से 5 बार उन्होंने 2016 में दिल्ली के लिए अपने डेब्यू सीजन में ओपनिंग की थी, जबकि बाकी 2 मौके लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आए हैं. पिछले सीजन वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ ओपनिंग के लिए आए थे.

दिल्ली और लखनऊ के बीच 1 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले से पहले चर्चा थी कि लखनऊ के लिए नंबर 3 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? इस नंबर के लिए मिचेल मार्श और पंत के बीच मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन जब ये दोनों बल्लेबाज ओपनिंग के लिए उतरे तो हर कोई हैरान था. मैच के बाद पंत ने खुद बताया कि आखिर क्यों उन्होंने ओपनिंग की. पंत ने बताया कि यह फैसला अचानक नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था. उनका कहना था कि टीम टॉप ऑर्डर में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाना चाहती थी, ताकि विपक्षी टीम अपनी गेंदबाजी योजना, खासकर लेफ्ट आर्म स्पिन का इस्तेमाल, सही तरीके से न कर सके.

पंत ने बताया कि आखिर क्यों ओपनिंग करने उतरे?

पंत ने ओपनिंग करने के सवाल पर कहा ‘मेरा मानना है कि आइडिया बहुत साफ था. मिडिल ओवर्स में निकोलस पूरन को जिम्मेदारी देनी थी. अब वह टॉप ऑर्डर में नहीं खेल रहे, क्योंकि मैं ऊपर बल्लेबाजी कर रहा हूं. हमने लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाने के लिए यह फैसला लिया, ताकि सामने वाली टीम लेफ्ट आर्म स्पिनर का इस्तेमाल न कर सके.’

नॉन-स्ट्राइक पर रहकर आउट होने पर पंत ने कहा ‘दुर्भाग्य से मैं गलत समय पर आउट हो गया. नहीं तो अक्षर पटेल को पावरप्ले में एक ओवर डालना पड़ता, जिससे हमें फायदा मिल सकता था, लेकिन यह खेल का हिस्सा है. ऐसे मुश्किल समय में आयुष बदोनी की भूमिका अहम होती है और उन्हें ऐसे मौकों पर खुद को साबित करना होगा.’

क्या ओपनिंग जारी रखेंगे ऋषभ पंत?

जब उनसे पूछा गया कि क्या आगे भी वह ओपनिंग करते नजर आएंगे, तो पंत ने साफ जवाब नहीं दिया, लेकिन यह जरूर संकेत दिया कि वह टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी जारी रख सकते हैं. उन्होंने कहा ‘यह 50-50 फैसला है, देखेंगे, लेकिन आप मुझे टॉप ऑर्डर में जरूर देखेंगे.’ पहला मैच हारने के बाद लखनऊ की टीम अपना दूसरा मैच 5 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी.