नैनीताल/फतेहपुर. ‘चाय से ज्यादा केटली गरम’ ये कहावत हमने अक्सर सुनी है. इसका अर्थ भी सभी को पता है. ऐसा ही एक मामला नैनीताल में देखने को मिला. कई बार ऐसा होता है कि कोई व्यक्ति पद में होता है. लेकिन इस बात का घमंड उससे ज्यादा उसके परिवारजनों और रिश्तेदारों ज्यादा होता है. ऐसी ही एक घटना गुरुवार को नैनीताल में हुई. यहां भाजपा विधायक के बेटे ने एसडीएम को धौंस दिखाई.

दरअसल, नैनीताल घूमने आए उत्तर प्रदेश (फतेहपुर, जहानाबाद विधानसभा) के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. विधायक का बेटा SDM को धौंस दिखा रहा है. गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे विधायक का बेटा राहुल पटेल अपनी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर में था. फॉर्च्यूनर जब मॉल रोड के जाम में फंसी, तो उसने हूटर बजाना शुरू कर दिया. हूटर बजता देख ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए खड़े एसडीएम नवाजिश खालिक ने राहुल की गाड़ी रोक ली. इस पर राहुल ने कहा- तुम हमें नहीं जानते, पापा विधायक हैं हमारे.

इसे भी पढ़ें : सब ठीक है, तो हमारी रसोई क्यों बुझी? गैस सिलेंडर को लेकर यशपाल आर्य का सरकार पर हमला, जानिए नेता विपक्ष ने ऐसा क्या कहा…

इतना सुनकर SDM और भड़क गए उन्होंने फौरन गाड़ी में सवार राहुल को बाहर निकलने को कहा. उसके ड्राइवर को भी बाहर बुलाया. दोनों बाहर निकले तो SDM ने कार को सीज कर लिया. इस दौरान विधायक का बेटा अपने फोन से किसी को कॉल भी करता दिखा. लेकिन कोई भी फॉर्च्यूनर सीज होने से रोक नहीं पाया. इस पूरी घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है.