RCB vs CSK IPL 2026: आईपीएल 2026 में आज यानी 5 अप्रैल, रविवार को सीजन का दूसरा डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के दूसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी।

बता दें कि RCB ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। टीम ने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराया था। दूसरी ओर, CSK का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम अपने राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले गए अपने दोनों शुरुआती मैच हार चुकी है। ऐसे में इस मुकाबले को जीतकर RCB अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। वहीं, CSK पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी। जबकि टॉस आधे घंटे पहले 7 बजे होगा। उससे पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, एम. चिन्नास्वामी की पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

गौरतलब है कि चेन्नई के बल्लेबाजों ने पिछले मुकाबले में शानदार लय दिखाई। आयुष म्हात्रे ने पंजाब के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतक जड़ते हुए 43 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 रन जोड़े, जबकि सरफराज खान ने महज 12 गेंदों में 32 रन की तेज-तर्रार पारी खेली।

शिवम दुबे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए। हालांकि, बल्लेबाजों के इस दमदार प्रदर्शन के बावजूद गेंदबाज टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और 210 रन जैसे बड़े लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे।

वहीं, आरसीबी के लिए विराट कोहली ने सीजन के पहले ही मैच में शानदार अर्धशतक जमाया था। हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 69 रन की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने 201 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। गेंदबाजी में जैकब डफी ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

RCB बनाम CSK हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चेन्नई ने 21 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु को 13 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 12 बार सामना हुआ है। इसमें बेंगलुरु ने 6 और चेन्नई को 5 मैचों में जीत मिली है, जबकि एक मैच का रिजल्ट नहीं निकल सका। दोनों ही टीमों के बीच आईपीएल 2025 में दो मुकाबले हुए थे, और दोनों ही बेंगलुरु ने अपने नाम किए थे।

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है और यहां गेंदबाजों की जमकर धुनाई होती है। इस मैदान की आउटफील्ड काफी तेज है। यहां 180-200 का स्कोर एक औसत स्कोर माना जाता है। इस मुकाबले के लिए भी पिच सपाट होने की उम्मीद है, जिससे गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आएगी। यहां दूसरी पारी में ओस आने की भी संभावना है, जिसकी वजह से गेंदबाजों के लिए गेंदबाजी करना और भी मुश्किल हो सकता है। पहली पारी में मिडिल ओवरों में स्पिनर की भूमिका अहम हो सकती है, लेकिन दूसरी पारी में स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिलती।

इसे भी पढ़ें: 5 Fastest Deliveries in IPL: आईपीएल इतिहास की 5 सबसे तेज गेंद, IPL 2026 में किसान के बेटे ने रच डाला इतिहास, नंबर 1 पर विदेशी धुरंधर का कब्जा

बेंगलुरु में अब तक 101 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिनमें से 54 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, 43 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 4 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। इस ग्राउंड का सबसे बड़ा टीम स्कोर 287/3 है, जो SRH ने पिछले साल RCB के खिलाफ बनाया था।

RCB ने इसी मैदान पर किया था सबसे तेज 200+ रन चेज

RCB ने इसी मैदान पर मौजूदा सीजन के पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ 15.4 ओवर में 202 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। इसके साथ ही RCB आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 200+ रन का टारगेट चेज करने वाली टीम बन गई थी। ऐसे में इस मैच में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है, क्योंकि इस मैदान पर रन चेज करना आसान रहता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की संभावित प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी।

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)

संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी, नूर अहमद/गुरजप्रीत सिंह, अंशुल कंबोज/जेमी ओवरटन, खलील अहमद।

जानिए कहां देखें सकेंगे लाइव मैच

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H