Punjab News : फरीदकोट. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को फरीदकोट जिले के जैतो में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर बड़ा ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पंजाब में बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार बेहद सख्त कानून बनाने जा रही है, जिसमें दोषियों के लिए उम्रकैद का प्रावधान होगा.
बरगाड़ी बेअदबी कांड और उससे जुड़ी गोलीबारी की घटनाओं के लिए सीधे तौर पर बादल परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए सीएम मान ने कहा कि दोषियों को उनके किए की सजा दिलवाना सरकार की प्राथमिकता है. इस संबंध में 13 अप्रैल को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है. उन्होंने संकेत दिए कि प्रस्तावित कानून के तहत बेअदबी के दोषियों को कम से कम एक साल तक जमानत नहीं मिल सकेगी और उम्रकैद की सजा तक का प्रावधान किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जैतो और आसपास के क्षेत्रों के लिए 28.68 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किए.

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महज चार साल के भीतर पंजाब को रंगला पंजाब बनाने की राह पर ले आई है. सीएम ने दावा किया कि चुनाव से पहले दी गई सभी गारंटियां पूरी की जा रही हैं और जनता का पैसा जनता पर ही खर्च हो रहा है. शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए मान ने उन्हें आत्म-मंथन की सलाह दी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान पंजाब के व्यापार पर निजी कब्जे किए गए और जनहित को नजरअंदाज किया गया. भावुक होते हुए सीएम ने कहा कि मैं राजनीति में पैसा कमाने नहीं, बल्कि शहीद भगत सिंह के सपनों को साकार करने आया हूं. मेरे कार्यकाल में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है.
कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विशेष तौर पर शिरकत की. उनके साथ पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर, विधायक अमोलक सिंह और डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नेता मौजूद थे.
- लुधियाना अमन हत्याकांड: 2 महीने बाद भी न्याय नहीं, नाराज़ परिजन धरने पर बैठे
- बरजिंदर सिंह मक्खन का अकाली दल से इस्तीफा, नेतृत्व पर लगाए एजेंसियों से मिलीभगत के गंभीर आरोप
- अमृतसर में बड़ा ड्रग्स रैकेट बेनकाब: 4.13 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से ड्रोन से मंगवाते थे खेप

