बरनाला। जिले के गांव रूड़ेके कलां में न्याय की मांग को लेकर मां-बेटी का अनोखा विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी है। पति के कथित अत्याचारों से परेशान होकर दोनों पानी की टंकी पर चढ़ गई हैं और आत्मदाह की चेतावनी दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
महिला आयोग ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार देर रात करीब 11:30 बजे डीएसपी जसविंदर कौर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और टंकी पर मौजूद पीड़िता गुरजीत कौर को आयोग की ओर से जारी नोटिस सौंपा। नोटिस में उन्हें 6 अप्रैल सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित महिला आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आयोग ने बरनाला के डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पीड़िता गुरजीत कौर अपनी बेटी मनवीर कौर के साथ पेट्रोल की बोतल लेकर टंकी पर डटी हुई हैं। उनका आरोप है कि उनके पति द्वारा किए जा रहे अत्याचारों पर पुलिस और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें लिखित में न्याय का भरोसा नहीं दिया जाता, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी।
बेटी टंकी पर रहेगी, मां जाएगी चंडीगढ़
इस पूरे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दशमेश तरना दल (बठिंडा) के जिला प्रधान जत्थेदार बल्लम सिंह तलवंडी कर रहे हैं। जत्थेबंदी ने स्पष्ट किया है कि गुरजीत कौर महिला आयोग के समक्ष पेश होने के लिए चंडीगढ़ जाएंगी, लेकिन प्रदर्शन जारी रहेगा। उनके चंडीगढ़ जाने के दौरान बेटी मनवीर कौर टंकी पर ही डटी रहेंगी।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि महिला आयोग के समक्ष सुनवाई के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मां-बेटी को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

