Sanju Samson IPL 2026: कल तक जो खिलाड़ी हीरो था, आज वही विलेन बन गया है. IPL 2026 के पहले तीन मैचों में उसका बल्ला खामोश रहा. चेन्नई ने उसे 18 करोड़ की रकम देकर अपना नया चेहरा बनाया था, लेकिन वो उस पर अब तक खरा नहीं उतर पाया है. इस बल्लेबाज ने पहले तीनों मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स का भरोसा तोड़ा है. वो बार-बार फ्लॉप हो रहा है. यही वजह है कि टीम पहले तीनों मैच हारकर प्वाइंट टेबल में सबसे नीचे आ गिरी है.
वो कहते हैं ना कि T20 क्रिकेट का फलसफा बहुत बेरहम है, यहां अर्श से फर्श तक का सफर महज चंद गेंदों में तय हो जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ है संजू सैमसन के साथ. 2026 के सीजन में वो येलो जर्सी में चेन्नई के लिए मैदान पर उतरे, लेकिन नतीजा एक ही रहा फ्लॉप. पहले तीनों ही मैचों में संजू का बल्ला नहीं बोला. उन्होंने 9, 7 और 6 रनों की पारियां खेली हैं.
ये वही संजू सैमसन हैं, जो कुछ हफ्तों पहले दमदार फॉर्म में थे. उन्होंने T20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को खिताब दिलाने में जी-जान लगा दी थी. नतीजा ये हुआ था कि वो वर्ल्ड कप 2026 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए थे, लेकिन IPL 2026 में संजू का बल्ला खामोश है.

पहले तीन मैचों में संजू ने क्या किया?
संजू सैमसन पहले मैच में RCB के खिलाफ सिर्फ 9 रन बना सके. वो ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर स्लिप में कैच आउट हुए थे. फिर दूसरे मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 7 रन बनाकर चलते बने. जिस गेंद पर वो आउट हुए, वो पूरी तरह ड्राइव करने लायक नहीं थी, लेकिन सैमसन ने शॉट खेलने की कोशिश की और बल्ले से एज लेकर बॉल सीधा विकेटकीपर के हाथों में चली गई. ऐसा ही हाल तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रहा. संजू सिर्फ 6 रन बना सके. वो फुटवर्क के बिना across-the-line शॉट खेलने गए और क्लीन बोल्ड हो गए.
आखिर क्यों फ्लॉप हो रहे संजू?
सबके मन में एक ही सवाल है कि कल तक रनों की बारिश करने वाले संजू क्यों फ्लॉप हो रहे हैं? इसकी कोई एक खास वजह नहीं है. खराब शॉट, जल्दबाजी और 18 करोड़ का ‘प्राइस टैग’ संजू के फ्लॉप होने की वजह हो सकते हैं. चेन्नई में पहली बार खेलने गए संजू एक सीनियर खिलाड़ी हैं. इसलिए उन पर खुद को साबित करने की चुनौती है. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि यह वही सैमसन हैं, जो जब सेट हो जाते हैं, तो मैच को अकेले खत्म कर सकते हैं, लेकिन अभी वो हर पारी में ‘इम्पैक्ट’ बनाने की जल्दी में अपना विकेट दे रहे हैं.
संजू को क्या करने की जरूरत है?
संजू सैमसन ने 2026 T20 विश्व कप में जब रन बनाए थे, उससे पहले वो प्लेइंग से बाहर थे. खुद को वक्त दिया था. नेट्स में मेहनत की थी. इसके बाद जब प्लेइंग 11 में एंट्री हुई थी, तो 5 पारियों में 321 रन बनाकर इतिहास रचा था. उन्होंने नॉकआउट चरण (क्वार्टर, सेमी, फाइनल) में 97, 89, 89 रनों की तूफानी पारियां खेली थीं और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे. इसमें कोई शक नहीं है कि संजू जैसे खिलाड़ी एक पारी में नैरेटिव बदलने की क्षमता रखते हैं. अब अगर उन्हें वापसी करनी है, तो खुद को थोड़ा समय देना होगा, हर गेंद पर ‘मैच विनर’ बनने की कोशिश छोड़नी होगी और अपने नैचुरल गेम पर फोकस करना होगा.

