अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के बखरी में आज मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अनुमंडल रोड स्थित कामास्थान के एक मक्के के खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के गोढ़ियारी निवासी शंभू सहनी के 19 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं 24 घंटे के भीतर दो युवकों की हत्या से लोग सहमे हुए हैं।
रात 10 बजे घर से निकला था मृतक
परिजनों के अनुसार, विशाल सोमवार की रात करीब दस बजे घर से निकला था। पूछने पर उसने थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी, लेकिन वह वापस नहीं आया। सुबह जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो मक्के के खेत में उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर तेजी से फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की चर्चा
घटनास्थल पर पहुंचे लोगों के बीच प्रेम प्रसंग में हत्या की चर्चा जोरों पर रही। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और हर पहलू पर जांच कर रही है। पुलिस को शव के पास से एक रस्सी मिली है तथा युवक के गले पर निशान भी पाए गए हैं। इससे गला दबाकर हत्या किए जाने और शव को खेत में फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
छानबीन में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, युवक के मोबाइल की तलाश की जा रही है, जिससे घटना के कारणों का खुलासा हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- 50 हजार का कुख्यात अपराधी मोहन मांझी समेत 2 गिरफ्तार, पुलिस को थी लंबे समय से तलाश
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

