DC vs GT Thriller Match: इस बल्लेबाज ने आईपीएल में पहला अर्धशतक लगाने के लिए 9 साल लिए. वो 68 मैचों की 48वीं पारी में पहली फिफ्टी पूरी कर सका.
DC vs GT Thriller Match: आईपीएल का इतिहास 19 साल पुराना है. 2008 में शुरू हुई इस लीग में अब तक 18 सीजन हो चुके हैं. इस बार 19वां सीजन है. इतने सालों में कई खिलाड़ी आए और गए. कुछ पहले ही मैच में रनों की बारिश करके हीरो बन गए, तो कुछ सालों तक खेलने के बाद भी बल्ले से हीरो नहीं बन सके. इनमें एक नाम उस खिलाड़ी का भी शामिल है, जो इस साल गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहा है. उसने 8 अप्रैल की शाम अपने आईपीएल करियर की पहली फिफ्टी ठोकी. इस खिलाड़ी ने उस कहावत को सच कर दिखाया जिसमें कहा जाता है कि ‘कोशिश करने वालों की हार नहीं होती’.
ये बल्लेबाज कोई और नहीं बल्कि गुजरात टाइटंस के स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हैं, जिन्होंने 2017 में महज 17 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक सुंदर को अपनी पहली फिफ्टी जड़ने के लिए पूरे 9 साल और 69 मैचों का लंबा इंतजार करना पड़ा. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जब टीम संकट में थी, तब सुंदर ने न केवल बल्ले से आग उगली, बल्कि अपने करियर पर लगे उस ‘दाग’ को भी धो डाला कि वे आईपीएल में अर्धशतक नहीं बना सकते.
33 बॉल पर 55 रन ठोके
दिल्ली के खिलाफ सुंदर नंबर 4 पर बैटिंग करने आए थे. उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में ही फिफ्टी पूरी कर दिखाई. उन्होंने 33 गेंदों पर कुल 55 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. ये पारी तब आई जब टीम 79 रनों पर 2 विकेट खो चुकी थी. खास बात ये रही कि उन्होंने शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी की और टीम को 211 रनों तक ले गए. जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 209 रन बना सकी और रोमांचक मुकाबले में 1 रन से मैच हार गई.
9 साल का वक्त क्यों लग गया?
सुंदर 2017 से आईपीएल खेल रहे हैं. उन्हें बैटिंग के कई मौके मिले, लेकिन वो कभी 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए थे. उनकी ये फिफ्टी इसलिए भी खास है क्योंकि वह आमतौर पर लोअर ऑर्डर में बैटिंग करते हैं, उनके पास कम गेंदें होती हैं, इसलिए हमेशा बड़े शॉट खेलने का दबाव होता है. आज जब उन्हें नंबर 4 पर मौका मिला तो सुंदर ने पूरा फायदा उठाया और ये साबित कर दिया कि वो बड़ी पारियां खेल सकते हैं.
4 टीमों के लिए खेल चुके हैं सुंदर
दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले सुंदर ने सिर्फ 17 साल की उम्र में ही IPL में अपना डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वो 4 अलग-अलग टीमों की ओर से कुल 69 मैच खेल चुके हैं. दिल्ली के खिलाफ 55 रनों की पारी से पहले उनका बेस्ट स्कोर 49 रन था, जो पिछले सीजन यानी 2025 में गुजरात के लिए ही आया था. इस लीग के 69 मैचों में सुंदर के बल्ले से 588 रन निकले हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

