चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान तरनतारन निवासी नवदीप और हरदीप के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों को रिसीव करने और उन्हें सुरक्षित रखने का काम करते थे। हथियारों की यह खेप मार्च महीने के पहले सप्ताह में ही पंजाब पहुंच गई थी।

इन पर आरोप है कि उन्होंने ग्रेनेड प्राप्त करने से लेकर उसे हमले के लिए उपलब्ध कराने और पैसों के लेनदेन में मुख्य भूमिका निभाई है। पुलिस अब इन आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि उनके विदेशी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि ये आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में कैसे आए।

बताया जा रहा है कि ये आरोपी लंबे समय से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे है। पुलिस उनके मोबाइल डेटा और संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। बता दें कि 1 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड धमाका हुआ था। मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों में से एक ने ग्रेनेड फेंका, जबकि दूसरे ने पूरी घटना का वीडियो बनाया।

हालांकि, इसमें कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आसपास खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई, पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा संचालित एक आतंकी मॉड्यूल था।