पटना। बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। पिछले दो दशकों से सूबे की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद अब वे दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे। मंगलवार सुबह से ही पटना के ‘1 अणे मार्ग’ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हलचल तेज है, जहां दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।
सम्राट के साथ निकले नीतीश: एकजुटता का संदेश
सुबह-सुबह जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विजय चौधरी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। दिलचस्प नजारा तब दिखा जब नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी एक ही गाड़ी में बैठकर अंबेडकर समारोह के लिए निकले। दोनों नेताओं ने हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी, जिसे सियासी गलियारों में सत्ता हस्तांतरण के बीच आपसी तालमेल के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कैबिनेट की आखिरी बैठक
सुबह 11 बजे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक शुरू हुई। यह वर्तमान सरकार की आखिरी औपचारिक कार्यवाही है। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार में उनके 20 साल लंबे मुख्यमंत्री काल का समापन हो जाएगा।
नए नेता का चुनाव: शिवराज संभालेंगे कमान
दोपहर में एनडीए के सभी घटक दल (JDU, BJP, HAM, RLJP, RLM) अलग-अलग बैठकें कर अपने विधायक दल का नेता चुनेंगे। सबसे ज्यादा नजरें जेडीयू पर हैं कि नीतीश के बाद पार्टी किसे अपना नेता चुनती है। शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी। भाजपा के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा करेंगे।
कल होगा शपथ ग्रहण
नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने के बाद कल, यानी बुधवार सुबह 11 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। बिहार अब एक नए नेतृत्व की ओर देख रहा है, जो अगले विधानसभा चुनाव तक राज्य की कमान संभालेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

