कुंदन कुमार/पटना। बिहार की सियासत में आज एक अध्याय समाप्त हो रहा है और दूसरे की शुरुआत। पिछले दो दशकों से सूबे की सत्ता के केंद्र रहे नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उनके राज्यसभा जाने और दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने के फैसले के साथ ही बिहार में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
कैबिनेट की आखिरी बैठक और इस्तीफे की तैयारी
मंगलवार सुबह पटना के ‘1 अणे मार्ग’ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर गहमागहमी का माहौल रहा। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विजय चौधरी ने नीतीश कुमार से लंबी चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में कैबिनेट की अंतिम बैठक बुलाई गई, जिसमें सरकार के सभी मंत्री शामिल हुए। तय कार्यक्रम के अनुसार, नीतीश कुमार दोपहर 3 बजे राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे, जिससे उनके 20 साल लंबे शासनकाल पर विराम लग जाएगा।
सम्राट और नीतीश की एकजुटता: एक खास संदेश
इस्तीफे से पहले एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई, जब डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार एक ही गाड़ी में सवार होकर हाईकोर्ट परिसर पहुंचे। वहां दोनों ने बाबा साहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। सियासी विशेषज्ञों के अनुसार, एक ही वाहन में दोनों नेताओं का दिखना सत्ता के सुचारु हस्तांतरण और एनडीए के भीतर अटूट एकजुटता का स्पष्ट संदेश है।
शिवराज सिंह चौहान करेंगे नए नेता की घोषणा
दोपहर में एनडीए के सभी घटक दल (JDU, BJP, HAM, RLJP और RLM) अलग-अलग बैठकें कर अपने विधायक दल का नेता चुनेंगे। शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसकी निगरानी भाजपा के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसी बैठक में औपचारिक रूप से नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।
कल राजभवन में होगा भव्य शपथ ग्रहण
बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी कल यानी बुधवार सुबह 11 बजे पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ निशांत कुमार और विजय चौधरी नए उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर नई सरकार की कमान संभाल सकते है। यह नई टीम अगले विधानसभा चुनाव तक राज्य की बागडोर संभालेगी, जिससे बिहार की राजनीति में एक नए युग का उदय माना जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

