कटिहार। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बिहार के कटिहार से आतंकी साजिश के आरोप में मोहम्मद सोहेल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था और बम बनाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि दो आरोपी एक रिमोट कंट्रोल वाली खिलौना कार में IED फिट करने की योजना बना रहे थे। शुरुआती जांच के अनुसार, ये लोग राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकानों जैसे संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
सोशल मीडिया के जरिए फंडिंग
पुलिस के मुताबिक, सोहेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को उकसाने और अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश करता था। इसके लिए वह बैंक अकाउंट और QR कोड भी साझा करता था ताकि फंड इकट्ठा किया जा सके। पेशे से प्लंबर सोहेल का संबंध गजवा-ए-हिंद जैसे कट्टरपंथी सोच से बताया जा रहा है। उसने हाल ही में दिल्ली के लाल किला और इंडिया गेट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी भी की थी।
तीन राज्यों में कार्रवाई, चार संदिग्ध गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने बिहार के अलावा महाराष्ट्र और ओडिशा में भी छापेमारी कर कुल चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें महाराष्ट्र से दो, ओडिशा से एक और बिहार से एक आरोपी शामिल है। जांच के दौरान एक आरोपी के पास से IED बरामद किया गया। वहीं, दो अन्य लोग संभावित हमले के लिए रिमोट कंट्रोल्ड बम बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटा रहे थे।

एन्क्रिप्टेड ग्रुप्स के जरिए नेटवर्क सक्रिय
पुलिस के अनुसारसभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ग्रुप्स में सक्रिय थे, जहां जिहाद, हथियार और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़ा कंटेंट साझा किया जाता था। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए नए लोगों को जोड़ने और उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी।
भड़काऊ कंटेंट से लोगों को उकसाने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी ने लाल किले की एडिटेड तस्वीर शेयर की थी, जिसमें काला झंडा दिखाया गया था। इसका मकसद लोगों को भड़काना और अपने विचारों की ओर आकर्षित करना था।
पहले भी हिरासत में लिया गया था आरोपी
कटिहार के एसपी शिखर चौधरी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने करीब 10 दिन पहले भी सोहेल को पूछताछ के लिए पकड़ा था। उस समय उसका मोबाइल जब्त कर उसे छोड़ दिया गया था, लेकिन अब उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

