रेवाड़ी। शहर की सनसिटी कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेल-खेल में एक चार साल के बच्चे द्वारा चलते ऑटो का एक्सीलेटर दबा दिए जाने से वाहन पलट गया और मासूम की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अपने वाहन को चालू हालत में सड़क किनारे खड़ा कर पास की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान ऑटो में बैठा बच्चा कार्तिक अचानक एक्सीलेटर दबा बैठा, जिससे वाहन तेजी से आगे बढ़ गया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
हादसे में कार्तिक ऑटो के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, कार्तिक यूकेजी का छात्र था और घटना के समय उसकी मां ने उसे पास की दुकान से सामान लेने भेजा था।
लापरवाही का आरोप
परिजनों ने ऑटो चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वाहन को चालू हालत में बिना निगरानी के छोड़ना इस हादसे का मुख्य कारण बना।
पुलिस जांच शुरू
सिटी थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

