सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट के लिए अतिक्रमण हटाने गए पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों द्वारा पथराव करके खदेड़ने का वीडियो सामने आया है। इस दौरान ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी पुलिस

इस घटना में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया। लेकिन सभी को PR बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया, जो इलाके में चर्चा का बिषय बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार भारतमाला एक्सप्रेस रोड ढाका थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गुजर रहा है, जिसको लेकर काम काफी तेजी से चल रहा है। इस बीच ढाका के करमावा गांव के पास रोड निर्माण कार्य को लेकर पुलिस अतिक्रमण हटाने गई थी, जहां भारतमाला प्रोजेक्ट से जड़े कर्मी अतिक्रमण हटाने में जुटे थे। उसी दौरान ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया।

उल्टे पांव भागी पुलिस

ग्रामीणों के पथराव के बाद पुलिसकर्मियों को उल्टे पांव भागना पड़ा। लेकिन एक पुलिसकर्मी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज किया और 9 लोगों को हिरासत में लिया। लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी को PR बॉन्ड भरवाकर छोड़ देने की बात बताई जा रही है।

इलाके में तनाव का माहौल

फिलहाल घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, हालात को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर अपनी नजर बनाए हुए है, जिससे भविष्य में होने वाली किसी घटना को समय से पहले रोका जा सके।

ये भी पढ़ें- तीन दिन से लापता युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका