अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले से एक घटना सामने आई है, जहां अस्पताल की कथित लापरवाही ने एक मां की गोद सूनी कर दी। सासाराम के लालगंज नहर स्थित ‘समर्पण हॉस्पिटल’ में प्रसव के दौरान नवजात बच्चे की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल में औचक छापेमारी की।

​अधिकारी की शिकायत पर एक्शन

​जानकारी के अनुसार, सासाराम जीएसटी कार्यालय में पदस्थापित महिला अधिकारी ज्योति कुमारी को प्रसव हेतु इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सफल प्रसव के कुछ ही समय बाद बच्चे की मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से मर्माहत पीड़िता ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही और कोताही बरतने का आरोप लगाया है। न्याय की मांग को लेकर महिला अधिकारी ने सीधे प्रशासन से संपर्क साधा।

​प्रशासनिक कार्रवाई से मचा हड़कंप

​शिकायत मिलते ही सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी और सदर डीएसपी (द्वितीय) कुमार वैभव दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने घंटों तक अस्पताल के दस्तावेजों, उपलब्ध मेडिकल सुविधाओं और घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। प्रशासन की इस अचानक दबिश से अस्पताल कर्मियों में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

​होगी सख्त कार्रवाई: डीएसपी

​जांच का नेतृत्व कर रहे डीएसपी कुमार वैभव ने स्पष्ट किया कि बच्चे की मौत के कारणों की वैज्ञानिक और प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई भी तकनीकी खामी, लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो न केवल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी, बल्कि अस्पताल का लाइसेंस भी रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।

​जनता में भारी आक्रोश

​इस घटना ने शहर के निजी अस्पतालों की कार्यशैली पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में निजी क्लीनिकों की मनमानी और ऊंचे खर्च के बावजूद सुविधाओं के अभाव को लेकर काफी रोष देखा जा रहा है। फिलहाल, प्रशासन की रिपोर्ट का इंतजार है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।