राजधानी में अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए MCD सोमवार से विशेष कैंपों का आयोजन करने जा रहा है। इन कैंपों का उद्देश्य 1511 अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को स्वागम पोर्टल पर आवेदन करने में सहायता प्रदान करना है। जानकारी के अनुसार, इन कैंपों में करीब 700 अधिकारी तैनात किए जाएंगे, जो निवासियों को पंजीकरण प्रक्रिया समझाने, जरूरी दस्तावेजों को पीडीएफ में परिवर्तित करने और तकनीकी बारीकियों की जानकारी देने में मदद करेंगे।

आवेदकों को पहचान पत्र जैसे पैन कार्ड या वोटर आईडी के साथ अपनी फोटो और पीएम-उदय केस आईडी प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा, कैंपों में आर्किटेक्ट और लेआउट प्लान से जुड़ी सलाह भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सटीक और सुगम हो सके। राजधानी की अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सोमवार से विशेष कैंप आयोजित करने का फैसला किया है। इन कैंपों के जरिए लोगों को स्वागम पोर्टल पर आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। दिल्ली की 1511 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमितीकरण प्रमाणपत्र देने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। इसी के तहत नगर निगम विभिन्न जोन स्तर के कार्यालयों में कैंप लगाएगा, जहां निवासियों को पोर्टल के उपयोग, आवेदन भरने के तरीके और आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा।

700 अधिकारी, कर्मचारी होंगे तैनात

अधिकारियों के अनुसार, इस पहल के तहत करीब 700 अधिकारी और कर्मचारी कैंपों में तैनात रहेंगे, जो लोगों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और उससे जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे। इन कैंपों में स्वागम पोर्टल पर आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों, उनकी अनिवार्यता और जमा करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। MCD के मुताबिक, लोगों को दस्तावेजों की फोटो अपलोड करने, फाइल साइज तय मानकों के अनुसार रखने और तकनीकी प्रक्रियाओं को समझाने के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही, कैंपों में मौजूद विशेषज्ञों से आर्किटेक्ट और लेआउट प्लान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी और सलाह भी ली जा सकेगी, जिससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सुगम और त्रुटिरहित बन सके।

ये दस्तावेज हैं जरूरी

·  आवेदक का पहचान प्रमाण जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस (स्वयं द्वारा सत्यापित), साथ में आवेदक की हालिया तस्वीर।

·  सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन की गई प्रतियां पीडीएफ प्रारूप में तैयार रखनी होंगी।

·  पीएम-उदय केस आईडी: आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि आवेदक के पास वैध पीएम-उदय केस आईडी उपलब्ध हो।

·  पोर्टल पर अपलोड किए जाने वाले सभी दस्तावेज निर्धारित फाइल साइज सीमा के भीतर होने चाहिए, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।

अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक

अधिकारियों के अनुसार, स्वागम पोर्टल पर हर दिन हो रहे पंजीकरण की समीक्षा के लिए आईटी और बिल्डिंग विभाग के अधिकारी नियमित समन्वय बैठकें कर रहे हैं। सोमवार से शुरू होने वाले विशेष कैंपों में भी ये दोनों विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे, ताकि लोगों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो और तकनीकी सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। निगम अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता यह है कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमितीकरण प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं, जिससे लोगों को लंबित प्रक्रियाओं से राहत मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m