Bihar Police Encounter: नवादा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में गोली लगने से इनामी बदमाश टिंकू यादव घायल हो गया है, जिसे पुलिस की निगरानी मे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल बिहार में सम्राट सरकार अपराध को लेकर सख्त नजर आ रही है। सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही पुलिस एक्शन मोड में है। बीते कुछ दिनों में पुलिस और अपराधियों के बीच यह दूसरी मुठभेड़ हुई है।

पुलिस ने रखा था 50 हजार का इनाम

मुठभेड़ के दौरान बदमाश टिंकू यादव के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसपर 50 हजारा का इनाम घोषित कर रखा था। यह मुठभेड़ रोह थाना क्षेत्र के कोसी गांव के पास हुई है। दरअसल पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी की इनामी बदमाश टिंकू यादव को रोह थाना क्षेत्र में देखा गया है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायरिंग करनी शुरू कर दी।

बदमाश के पैर में लगी गोली

जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो टिंकू यादव के पैर में लगी। पैर में गोली लगने से वह घायल होकर वही पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

विभिन्न थानों में दर्ज हैं कई मामले

बता दें कि मुठभेड़ में घायल बदमाश टिंकू यादव अनिल मिस्त्री हत्याकांड में वांछित था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। घटना को लेकर नवादा डीएसपी हुलास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर पहले अपराधी की ओर से फायरिंग की गई थी। इसके जवाब में की गई कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी। फिलहाल उसका इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच डीएसपी हुलास कुमार की निगरानी में की जा रही है।

ये भी पढ़ें- शादी के 6 दिन बाद युवक की गोली मारकर हत्या, मछली मारने का बहाना बनाकर साथ ले गए थे दोस्त