रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली। जिले के डीह थाना क्षेत्र के बरगदही गांव (मजरा बरुआ) में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के 9 सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

खाना बनाने के दौरान हादसा

घटना के समय परिवार के सदस्य रसोई में खाना बना रहे थे, तभी सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी रसोई आग की लपटों में घिर गई और परिवार के 9 लोग इससे बुरी तरह प्रभावित हो गए।

5 घायलों की हालत गंभीर

घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी डीह ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। 5 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। इनमें से 2 मरीजों को एम्स और 3 को केजीएमसी लखनऊ भेजा गया है।

READ MORE: UP Weather Today: यूपी में मौसम का यूटर्न, कई जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

घटना की सूचना मिलते ही एडीएम, सीएमओ समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए l घायलों की पहचान मंजू मिश्रा (42), कुलदीप मिश्रा (22), अनिल मिश्र (50), संत कुमार मिश्र (68), आशीर्वाद (18), ऋचा (21), दीपिका (25), संगीता (40), उमेश (37) के रूप में हुई है।