महोबा. कुछ दिनों पहले पूर्णिया (बिहार) सांसद पप्पू यादव ने महिलाओं को लेकर एक बेहद ही आपत्तिजनक बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि महिलाओं को राजनीति में आने के लिए कंप्रोमाइज करना पड़ता है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि 90% महिलाओं का राजनीतिक करियर नेताओं के बेड (बिस्तर) से शुरू होता है. ऐसा ही एक मामला जनपद से सामने आया है. जहां पर सत्ताधारी भाजपा के जिलाध्यक्ष पर मोहनलाल कुशवाहा पर महिला जिला मंत्री (पूर्व) ने पद के एवज में उनके साथ हम बिस्तर होने का गंभीर आरोप लगाया है.

पीड़िता का आरोप है कि जिला उपाध्यक्ष पद के बदले उन पर शारीरिक संबंध का अनैतिक दबाव बनाया गया. पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि पार्टी के दो अन्य बड़े पदाधिकारी जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष ने भी उन पर जिला अध्यक्ष की बात मानने का दबाव बनाया था. उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी व्यथा जनता के सामने रखी.

इसे भी पढ़ें : महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही सरकार, गाजीपुर हत्याकांड को लेकर सपा नेता ने लगाया आरोप

इन आरोपों को भाजपा जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने सिरे से नकार दिया है. उन्होंने कहा है कि ये उनकी छवि धूमिल करने की साजिश है. उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे इन आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है और यह केवल उनकी छवि खराब करने की कोशिश है.

मामले में योगी आदित्यनाथ युवा ब्रिगेड भी बीजेपी जिला अध्यक्ष के समर्थन में उतर आई. संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियां बेहद आपत्तिजनक हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा संगठन मोहनलाल कुशवाहा के साथ खड़ा है और प्रशासन को इस षड्यंत्र का पर्दाफाश करना चाहिए. पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है. जहां पीड़िता ने जिला अध्यक्ष के खिलाफ तहरीर दी. इधर इस मामले में बीजेपी नेताओं ने चुप्पी साध ली है, जबकि विपक्ष ने बीजेपी संगठन में महिलाओं की स्थिति को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.