अमित पांडेय, खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाने-पीने की चीज़ों के नाम पर चल रहे गड़बड़झाले पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों और निर्देशों के बाद विभाग की टीम ने जब मैदान में उतरकर जांच की, तो कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। होटल से लेकर किराना दुकानों तक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था।

सबसे पहले कार्रवाई में मेसर्स नटराज हाईवे होटल एवं ढाबा में खराब गुणवत्ता का पनीर बेचा जाना पाया गया। वहीं मेसर्स सिन्हा होटल में घटिया स्तर का पेड़ा ग्राहकों को परोसा जा रहा था। दोनों ही मामलों को गंभीर मानते हुए विभाग ने संबंधित संचालकों पर जुर्माना लगाया।

जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि कई दुकानें बिना किसी वैध लाइसेंस या पंजीकरण के ही खाद्य सामग्री बेच रही हैं। इस पर मेसर्स सुभाष किराना स्टोर्स, मेसर्स सांखला अनाज भंडार और मेसर्स सन्नी किराना के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का अर्थदंड लगाया गया। यह सीधे तौर पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना गया।

सबसे हैरान करने वाला मामला नकली ब्रांडिंग का सामने आया। मेसर्स ओम साईं किराना स्टोर्स में ‘पवन पसंद’ नाम से नमकीन बेचा जा रहा था, जो मानकों के अनुरूप नहीं था। इस पर न सिर्फ विक्रेता बल्कि उत्पाद बनाने वाले मेसर्स पवन गृह उद्योग पर भी कार्रवाई की गई। इससे साफ होता है कि बाजार में ब्रांड के नाम पर ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा है। इसी दौरान टीम ने मेसर्स जैन किराना स्टोर्स, छुईखदान से टमाटर कैचप और आमचूर पाउडर के नमूने लिए, जबकि मेसर्स तंबोली किराना स्टोर्स, खैरागढ़ से प्रतिबंधित गुटखा के संदेह में सैंपल जब्त किए गए। कुल 72 पैकेट गुटखा (लगभग 9 हजार रुपये मूल्य) को मौके पर ही सीज कर विक्रेता की अभिरक्षा में रखा गया है।

खाद्य विभाग के अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय का कहना है कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि जिले में अब मिलावट, घटिया गुणवत्ता या बिना लाइसेंस कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई एक साफ संदेश है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर अब सीधे और सख्त प्रहार होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H