अनमोल मिश्रा, सतना। शहर के जवाहर नगर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर से देर रात तीन नाबालिग खिड़की तोड़कर फरार हो गई। जिसकी जानकारी सुबह सामने आई। नाबालिगों के फरार होने की सूचना मिलने के बाद केंद्र में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है, पुलिस ने बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तीनों नाबालिगों को बाल कल्याण समिति के आदेश पर वन स्टॉप सेंटर में अस्थायी आश्रय दिया गया था। इनमें से एक बालिका उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली है, जबकि अन्य दो सतना जिले के पौराणिक टोला और रामपुर बघेलान क्षेत्र की निवासी हैं।

ये भी पढ़ें:सिस्टम की ‘तालाबंदी’: बारिश के बीच तड़पती रही गर्भवती, अस्पताल में लटका मिला ताला

खिड़की तोड़कर हुई फरार

बताया जा रहा है कि बालिकाएं जिस डोरमेट्री में रह रही थीं, उस कमरे की खिड़की को तोड़कर एक-एक कर बाहर निकलीं और परिसर से फरार हो गई। वन स्टॉप सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के साथ मुख्य द्वार पर चौकीदार की तैनाती भी रहती है, लेकिन जिस दिशा से बालिकाएं भागीं, वहां पीछे की ओर सीएम राइज स्कूल का मैदान स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि तीनों उसी रास्ते से भागने में सफल हुई हैं।

संभावित स्थानों पर सर्च कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वन स्टॉप सेंटर की अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित संभावित स्थानों पर बालिकाओं की तलाश कर रही हैं। इसके अलावा स्मार्ट सिटी और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बालिकाओं के परिजनों और परिचितों से संपर्क कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें: श्री गणेश मंदिर की व्यवस्था में बदलाव: गर्मी में लगाया लस्सी-गन्ने रस का भोग, मिट्टी के पात्र में रखा शीतल जल

घर से भागने के चलते वन स्टॉप सेंटर में थी बच्चियां

गौरतलब है कि तीनों बालिकाओं के घर से भागने के मामलें में पुलिस ने खोज कर वन स्टॉप सेंटर में रखा था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही बालिकाओं को सुरक्षित खोजने के प्रयास में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m