अतीश दीपंकर/ भागलपुर/सुल्तानगंज। बिहार के भागलपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्णा भूषण कुमार को लहुलूहान कर दिया। इस दुस्साहसिक हमले ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्यालय के भीतर तांडव और गोलीबारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पूरी योजना के साथ कार्यालय परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने बिना किसी खौफ के नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार को निशाना बनाया। अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे पूरा कार्यालय परिसर गूंज उठा। हमले को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद कर्मचारी और वार्ड पार्षद स्तब्ध रह गए।
अस्पताल में मची चीख-पुकार, EO की मौत की खबर
गोलीबारी के तुरंत बाद, नगर परिषद के कर्मचारियों और पार्षदों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर कुंदन भाई पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत मायागंज (भागलपुर) रेफर कर दिया। सूत्रों के हवाले से दुखद खबर आ रही है कि कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार, जिन्हें शरीर में तीन गोलियां लगी थीं, ने भागलपुर ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया है। वहीं, सभापति राज कुमार गुड्डू की स्थिति भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है, उनके सिर में गोली लगी है।
पुलिस की कार्रवाई और पुरानी रंजिश का शक
घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु एसएसपी सायम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय को चारों तरफ से सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने में लग गई है। प्राथमिक जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे नगर परिषद के सभापति और उपसभापति के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखकर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
दहशत में सुल्तानगंज
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। सरकारी कार्यालय के भीतर घुसकर अधिकारियों पर जानलेवा हमला करना अपराधियों के बुलंद हौसलों को दर्शाता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

