PUNJAB DESK: लुधियाना। पंजाब में इन दिनों गर्मी से लोगों को थोड़ी निजात मिली है. रविवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मई महीने की पहली वर्षा ने पूरे पंजाब के मौसम को बदल दिया है. सुबह के समय तेज हवाओं और घने बादलों के साथ झमाझम हुई बारिश ने कई जिलों को ठंडकता दी है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई स्थानों पर दिन में ही अंधेरा छा गया, कई जगहों पर पेड़ भी गिर गए.
बीते दिनों कई दिनों से पंजाब में लोगों को गर्मी ने परेशान कर रखा था. लोग काफी परेशान हो रहे थे लेकिन बदलते मौसम के मिजाज ने राहत दे दी है. सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच वर्षा के आंकड़ों में लुधियाना सबसे आगे रहा, जहां 24.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
इसके अलावा चंडीगढ़ में 19.7 मिलीमीटर, मोहाली में 19.0 मिलीमीटर और एक अन्य केंद्र पर 17.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. अमृतसर में 2.2 मिलीमीटर, फिरोजपुर में 2.5 मिलीमीटर, एसबीएस नगर में 2.1 मिलीमीटर और रोपड़ में 1.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. पटियाला और फरीदकोट में हल्की बारिश हुई.
मौसम विभाग चंडीगढ़ द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, 4 और 5 मई को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
जानकारी मिली है कि इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में यह रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं, 6 से 8 मई तक हल्की मध्यम बारिश के भी आसार बने हुए हैं.
आगे भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में आने वाले दिनों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं. झमाझम बारिश होने से वहां पर तापमान में गिरावट आ सकती है. इसके साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, हालांकि मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ स्थानों में तेज हवा चलने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है वहीं लोगों को सावधान रहने की भी सलाह दी गई है.

