सिरसा में पंजाब की 19 वर्षीय युवती को नौकरी का झांसा देकर होटल में बंधक बनाकर रेप किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला मददगार को गिरफ्तार कर लिया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। सिरसा में एक 19 वर्षीय युवती से होटल में रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती की चचेरी बहन की ननद उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर पंजाब से सिरसा लेकर आई और फिर अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता पंजाब की रहने वाली है और नौकरी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान उसकी चचेरी बहन की ननद रीना से हुई। आरोप है कि रीना ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और 23 अप्रैल 2026 को अपने साथ सिरसा ले आई। यहां उसे एक निजी होटल में ठहराया गया, जहां रीना का प्रेमी पहले से मौजूद था।
पीड़िता का आरोप है कि होटल में मौका मिलते ही आरोपी युवक ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसका मुंह बांधकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात के बाद युवती डरी-सहमी हालत में रही और अगले दिन उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की शिकायत पहले पंजाब के Faridkot जिले में दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद केस को आगे की कार्रवाई के लिए डिंग थाना पुलिस के पास भेजा गया। जांच के दौरान पीड़िता के बयान महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में दर्ज किए गए और मेडिकल जांच भी करवाई गई।
डिंग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पंजाब के मानसा निवासी आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मणी और मुक्तसर निवासी आरोपी महिला रीना को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

