शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों के बाद अब मुस्लिम और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़ी संस्थाओं में नियुक्तियों का इंतजार बढ़ गया है। राज्य अल्पसंख्यक आयोग, उर्दू अकादमी, मदरसा बोर्ड और हज कमेटी जैसे अहम संस्थानों में पिछले 10 महीने से कई पद खाली पड़े हैं जिसकों लेकर सियासत गर्माती हुई नजर आ रही है।

आखिरी बड़ी नियुक्ति अप्रैल 2023 में

प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर चल रहा है। निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों के बाद अब सबकी नजर अल्पसंख्यक संस्थाओं पर टिकी है, राज्य अल्पसंख्यक आयोग, उर्दू अकादमी, मदरसा बोर्ड और हज कमेटी में अध्यक्ष और सदस्यों के पद लंबे समय से खाली हैं। इन संस्थाओं में आखिरी बड़ी नियुक्ति अप्रैल 2023 में हुई थी, जब वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद पर डॉ. सनवर पटेल की नियुक्ति की गई थी। उसके बाद से बाकी संस्थाओं में नियुक्तियां लंबित हैं।

बीजेपी की राजनीति पाकिस्तान और मुसलमान की

अब बीजेपी संगठन स्तर पर इन पदों को लेकर मंथन कर रही है। अलग-अलग पदों काबिज होने के लिये बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा और संगठन से जुड़े कई नेता इन नियुक्तियों की दौड़ में सक्रिय हैं। पार्टी की कोशिश है कि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए अल्पसंख्यक वर्ग में राजनीतिक पहुंच को और मजबूत किया जाए। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा है।पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी लगातार हिंदुस्तान-पाकिस्तान और मुसलमान की राजनीति करती है और उसी सोच के चलते इन संस्थाओं में नियुक्तियां टाली जा रही हैं।

कांग्रेस सिर्फ डर और लॉलीपॉप की राजनीति करती

वहीं बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सरकार धीरे-धीरे सभी विभागों और संस्थाओं में नियुक्तियां कर रही है। भारत में अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक का कोई विवाद नहीं है और बीजेपी का दृष्टिकोण हर भारतीय नागरिक के लिए समान है। उन्होंने कहा कि सरकार हिंदू हो या मुसलमान, सभी के समग्र विकास की नीति पर काम कर रही है। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ डर और लॉलीपॉप की राजनीति करती है।

आयोगों का ये हैं काम

राज्य अल्पसंख्यक आयोग-अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े मामलों और शिकायतों पर काम
मध्यप्रदेश मदरसा बोर्ड – मदरसों की शिक्षा, सिलेबस और प्रशासनिक व्यवस्था
मध्यप्रदेश हज कमेटी– हज यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं और समन्वय
मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी– उर्दू भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा
मप्र भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा– मुस्लिम सहित अन्य अल्पसंख्यक वर्ग के बीच भाजपा की स्वीकार्यता, कार्यक्रम और पहुंच बढ़ाने पर फोकस

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m